Aapka Rajasthan

पीडीए यात्रा पर भाजपा नेता बोले, जनता को गुमराह करने में कामयाब नहीं होंगे अखिलेश यादव

नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई पीडीए यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं ने तंज कसा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वे पीडीए यात्रा की आड़ में लोगों को भ्रमित करने के लिए निकले हैं, लेकिन जनता उनका असली चेहरा जानती है और वे लोगों को गुमराह करने में कामयाब नहीं होंगे।
 

नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई पीडीए यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं ने तंज कसा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वे पीडीए यात्रा की आड़ में लोगों को भ्रमित करने के लिए निकले हैं, लेकिन जनता उनका असली चेहरा जानती है और वे लोगों को गुमराह करने में कामयाब नहीं होंगे।

आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा पर कहा कि चुनाव का जब समय आता है, तो ये भगवान कृष्ण भी बन जाते हैं, बजरंगबली भी बन जाते हैं, भगवान राम भी बन जाते हैं, लेकिन तरबूज की प्रकृति के नेता हैं। ये ऊपर से कुछ दिखते हैं, भीतर कुछ और रहते हैं। केवल और केवल तुष्टीकरण ही इनके भीतर भरा हुआ है। एक समाज विशेष, एक धर्म विशेष के लोगों का तुष्टीकरण करके इतने दिनों तक यह अपनी राजनीतिक रोटी सेंकते रहे हैं। उसमें कोई परिवर्तन होने वाला नहीं है। जनता बहरूपियों को अच्छे से पहचानती है। बार-बार नाटक कर, अपने चेहरे पर मुखौटा लगाकर जनता को ठग नहीं सकते हैं। योगी के नेतृत्व में यूपी में राष्ट्रवाद की लहर चल रही है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि ये लोग इसी प्रकार की राजनीति करते आए हैं। बिहार की जनता ने मुकेश सहनी को अच्छे से ठिकाने लगाया। ये खून की बात करने वाले, हत्या की बात करने वाले हैं। 24 घंटे इनके दिमाग में यही चलता रहता है, तो कभी-कभी मां सरस्वती उनकी जिह्वा से भी वह बात बुलवा देती हैं, जो उनके भीतर चलता रहता है। देशभर में हिंसा का माहौल बनाकर यह भारत को नेपाल, बांग्लादेश, और श्रीलंका बनाना चाहते हैं, इसी योजना के तहत बयान देते हैं। देश को अशांत करने का सपना देख रहे हैं। मुकेश सहनी को बिहार में अपना अस्तित्व बचाना चाहिए।

इसी बीच, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा पर कहा कि उन्हें मेरी शुभकामनाएं हैं कि वह यात्रा निकालें। सरकार बनाने की तमन्ना में तो कोई हर्ज नहीं, लेकिन वह पहले पीडीए की परिभाषा तो तय कर लें। हर पड़ाव पर पीडीए की परिभाषा बदलते रहेंगे, तो लोगों में बड़ा भ्रम होगा कि पी का क्या मतलब है, डी का क्या मतलब है, और ए का क्या मतलब है। सबसे पहले पीडीए की परिभाषा ठीक कर लें। मुझे लगता है कि उनकी यात्रा के तार में अभी से शॉर्ट सर्किट दिखाई दे रहा है। वही शॉर्ट सर्किट उन्हें झटका पर झटका दे रही है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी