Aapka Rajasthan

जनगणना-2027: गौतमबुद्धनगर में स्व-गणना अभियान को गति देने के निर्देश, सरकारी कर्मचारियों की शत-प्रतिशत भागीदारी अनिवार्य

गौतमबुद्धनगर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की जनगणना-2027 के तहत गौतमबुद्धनगर जिले में चल रहे स्व-गणना कार्यक्रम को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में सेक्टर-19 स्थित एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
 

गौतमबुद्धनगर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की जनगणना-2027 के तहत गौतमबुद्धनगर जिले में चल रहे स्व-गणना कार्यक्रम को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में सेक्टर-19 स्थित एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनगणना कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित चार्ज अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी विभाग अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराएं।

बैठक में बताया गया कि जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसकी सफलता के लिए सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। समीक्षा के दौरान प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी समय से सुनिश्चित की जाए। जिन कर्मचारियों ने अभी तक जनगणना कार्य के लिए निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन नहीं किया है, वे तत्काल लॉगिन की प्रक्रिया पूरी करें। इससे जनगणना से संबंधित जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें और नियमित रूप से इसकी प्रगति की समीक्षा करें। जिले में स्व-गणना अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रहने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए हाईराइज सोसाइटियों की आरडब्ल्यूए और एओए का सहयोग लिया जाए। इसके अलावा श्रमिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और अन्य सामाजिक एवं संबंधित संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जाए। इन संगठनों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और निर्धारित समयसीमा की जानकारी दी जाएगी।

प्रशासन का प्रयास है कि जिले का अधिक से अधिक नागरिक वर्ग इस अभियान से जुड़े और 30 नवंबर तक अपने परिवार की स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ले। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में स्व-गणना की स्थिति पर नजर रखें और प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करें। निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें, ताकि जनपद में स्व-गणना कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण कृष्ण सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी नोएडा प्राधिकरण इंदु प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी यीडा अभिषेक शाही, विशेष कार्याधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मुकेश कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा शर्मा, तहसीलदार जेवर राधेश्याम, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया और तहसीलदार सदर पूजा चौधरी सहित संबंधित चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच