Aapka Rajasthan

जनेश्वर मिश्र से बड़ा नेता कोई नहीं, समतामूलक समाज का दिया था संदेश : सनातन पांडे

लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने बुधवार को जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने अपना पूरा जीवन किसानों, गरीबों, छात्रों और शोषितों के लिए समर्पित कर दिया।
 

लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने बुधवार को जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने अपना पूरा जीवन किसानों, गरीबों, छात्रों और शोषितों के लिए समर्पित कर दिया।

सांसद सनातन पांडे ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "आज जनेश्वर मिश्र हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने समतामूलक समाज की बात की। किसानों की बात, छात्रों की बात, गरीबों की बात, मजलूमों की बात उन्होंने पूरे जीवन की। उन्हीं के लिए उन्होंने जीने का काम किया था। उनसे बड़ा नेता कोई हो नहीं सकता।"

सनातन पांडे ने कहा, "जिस आदमी के पास पांच बार सांसद और सात-सात बार मंत्री होने के बाद भी कुछ नहीं था, उसने सिर्फ जनता की सेवा की। आज उनके जयंती पर प्रदेश के लोग उन्हें याद कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "अगर राजनीतिक जीवन में सफलता रखनी है और आगे बढ़ना है तो गरीबों को, पिछड़ों को, वंचितों को, समाज के हर वर्ग के पीछे छूटे हुए लोगों को आगे लाना होगा। तभी समतामूलक समाज की स्थापना हो सकेगी। यही जनेश्वर मिश्र का सपना था और यही हमारा संकल्प होना चाहिए।"

इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "समाजवादी आंदोलन के प्रखर पुरोधा, 'छोटे लोहिया' जनेश्वर मिश्र जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। जनेश्वर जी कहते थे कि सत्ता का धर्म जनता के प्रति जवाबदेही है, प्रचार नहीं। आज जब सत्ता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, शिक्षा-स्वास्थ्य की चुनौतियों और सामाजिक न्याय जैसे मूल प्रश्नों से ध्यान भटकाने में अधिक व्यस्त दिखाई देती है, तब उनके विचार और भी प्रासंगिक हो उठते हैं।

उन्होंने कहा, "जनेश्वर जी का समाजवाद सत्ता के अहंकार के सामने सच बोलने का साहस देता है। सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संघर्ष ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। गरीबों के आंसू पोंछना ही समाजवाद है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस