Aapka Rajasthan

जन्मदिन विशेष : 'राम चाहे लीला' फेम सिंगर भूमि त्रिवेदी, पिता के शौक को बना लिया करियर

मुंबई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। एक बेटी के लिए उसके पिता का सपना बहुत मायने रखता है, जिसे साकार करने के लिए वह हर मुमकिन कोशिश करती है। कुछ ऐसी ही कहानी है, देश की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर भूमि त्रिवेदी की।
 

मुंबई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। एक बेटी के लिए उसके पिता का सपना बहुत मायने रखता है, जिसे साकार करने के लिए वह हर मुमकिन कोशिश करती है। कुछ ऐसी ही कहानी है, देश की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर भूमि त्रिवेदी की।

भूमि त्रिवेदी का जन्म 23 अगस्त 1988 को गुजरात के वडोदरा में एक संगीत-प्रेमी परिवार में हुआ था। उनके पिता एक रेलवे कर्मचारी हैं और मां एक लोक गायिका, जिनका अपना एक म्यूजिकल ग्रुप भी है।

भूमि की मां को जिस प्रकार से संगीत में काफी रुचि रही, जिसकी वजह से वह एक लोक गायिका हैं। ठीक उसी प्रकार उनके पिता को भी गायन का शौक रहा। शुरू से ही परिवार में संगीत का माहौल होने के कारण भूमि का बचपन सुर और धुन के इर्द-गिर्द रहा।

भूमि ने आठवीं कक्षा से ही संगीत सीखना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने देश के एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में बतौर प्रतियोगी पार्टिसिपेट किया, जिसमें उनकी गायकी को लोगों ने काफी पसंद किया और सराहा। इसी के साथ उन्हें 'इंडियन आइडल' के मंच ने इंडस्ट्री में पहचान दिलाई।

भूमि त्रिवेदी ने बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर फिल्म 'प्रेम मयी' के 'बहने दे' गाने से डेब्यू किया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। हालांकि, उनको पहचान वर्ष 2013 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला' के सुपरहिट गाने 'राम चाहे लीला' से मिली। भूमि त्रिवेदी के करियर का यह गाना एक ऐसा टर्निंग पॉइंट रहा, जिसने उन्हें नाम, काम के साथ शोहरत दिलाई।

इसके बाद उन्होंने हिंदी और गुजराती भाषा में कई सुपरहिट फिल्मों और एल्बमों में अपनी आवाज दी, जिनमें 'उडी उडी जाए' (फिल्म 'रईस'), 'हुस्न परचम' (फिल्म 'जीरो'), 'धिंढोरा बाजे रे' (फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी'), आदि शामिल हैं। आज के समय में भूमि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की प्रमुख और लोकप्रिय प्लेबैक सिंगरों में से एक हैं।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम