जमुई में एसएसबी के सर्च अभियान में जंगल से हथियार व विस्फोटक बरामद
जमुई 2 मई (आईएएनएस)। बिहारर के जमुई जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को को एसएसबी 16वीं वाहिनी जमुई के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। यह अभियान समवाय प्रभारी निरीक्षक चाँद नश्कर के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर संचालित किया गया।
जानकारी के अनुसार, ई-समवाय जन्मस्थान कैंप की टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर गंभीरा पहाड़ स्थित लोधा पानी क्षेत्र के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान लोधा पानी से करीब 1.5 किलोमीटर दक्षिण दिशा में घने जंगल के भीतर संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में एक शॉर्ट बैरल बोल्ट एक्शन राइफल, 8 एमएम के आठ खाली खोखे और दो सुतली बम शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया।
अभियान के बाद सभी बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये हथियार और विस्फोटक किस उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखे गए थे।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है।
इससे पहले दिसंबर 2025 जमुई में सर्च अभियान में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया था। एसएसबी, जमुई पुलिस और मुजफ्फरपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार सिमुलतला 16वीं वाहिनी एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि धोडपारन जंगली इलाके में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक छिपाया गया है।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार बर्मन के नेतृत्व में एसएसबी जवान और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया था। इस दौरान देसी मास्केट ( लांग बैरल वाला ), तीन डेटोनेटर, अमोनियम नाइट्रेट लगभग 700 ग्राम, 8 एमएम कारतूस एक पीस, 12 बोर कारतूस दो पीस, 12 बोर का खोखा 5 पीस और पांच देसी हथगोला बम बरामद हुआ था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
