जमुई मामले में आरोपियों को दिलाएंगे कड़ी से कड़ी सजा : आरपी सिंह
नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में नाबालिग बच्ची से हुई छेड़छाड़ की घटना पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि जो घटना हुई है, उस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि अपेक्षा है कि बिहार पुलिस ऐसी सजा दिलवाएगी कि अगली बार कोई भी इस तरह की घटना करने के बारे में सोच भी नहीं सकेगा।
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार के 'छिटपुट घटना' वाले बयान पर उन्होंने कहा कि यह उनका निजी बयान है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में जंगलराज था और वहां बहुत दिक्कतें थीं लेकिन आज के हालात की चिंता करना मौजूदा सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास हुए गैंगरेप मामले में हुई गिरफ्तारी पर आरपी सिंह ने कहा कि उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करेगी और कोर्ट में पेश कर ऐसी सजा दिलाएगी कि भविष्य में कोई इस प्रकार की घटना करने की हिम्मत न कर सके।
समाजवादी पार्टी के दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर पर टिप्पणी करते हुए आरपी सिंह ने कहा कि सपा अपनी तरफ से जितनी मर्जी कोशिश कर ले, लेकिन लोग जानते हैं कि कौन असली हनुमान भक्त है और कौन चुनावी हनुमान भक्त है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान 'राम का नाम लेने से सपा को उतनी ही चिढ़ होती है, जितनी बाबर को थी' पर उन्होंने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है। समाजवादी पार्टी के नेता आज तक राम मंदिर में माथा टेकने या प्रार्थना करने तक नहीं गए। राम नाम से उनको चिढ़ है और सीएम योगी ठीक कह रहे हैं कि उतनी ही चिढ़ है, जितनी बाबर को राम भक्तों से थी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के बयान 'आजम खान को फंसाने वालों को पाप लगेगा' पर उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं है।
कर्नाटक विधानसभा में वंदे मातरम को लेकर हुए विवाद पर आरपी सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह मुस्लिम लीग पार्टी बन गई है, इसलिए उसको वंदे मातरम से भी दिक्कत है।
उन्होंने कहा कि यह वह कांग्रेस नहीं है, जिसने आजादी की लड़ाई के दौरान वंदे मातरम गाकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। यह नए डीएनए वाली कांग्रेस है, यह राहुल गांधी और सोनिया गांधी की कांग्रेस है, जिसका देश की आजादी और राष्ट्रभक्ति से कोई लेना-देना नहीं है।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
