Aapka Rajasthan

जमशेदपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्ष भिड़े, पथराव में तीन घायल

जमशेदपुर, 21 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता और डीजे को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात हुई इस झड़प में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
 

जमशेदपुर, 21 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता और डीजे को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात हुई इस झड़प में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। जानकारी के अनुसार, काशीडीह लाइन नंबर-13 से गणेश प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकला था। जुलूस में डीजे बज रहा था और लोग नाच रहे थे। इसी दौरान शुभम नामक युवक ने जुलूस के आगे से निकलने के लिए रास्ता मांगा। इसी बात और डीजे बजाने को लेकर उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसने अपनी बस्ती के कुछ युवकों को मौके पर बुला लिया।

पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद लाइन नंबर-1 की ओर से करीब 10 से 15 युवक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पथराव और धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद विसर्जन जुलूस में भगदड़ की स्थिति बन गई। डीजे वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में जय कुमार यादव के सिर और गाल में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया। सोनू यादव और कुंभ यादव का भी टीएमएच में इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर साकची और सीतारामडेरा थाने की पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई आरोपी वहां से भाग गए थे। पुलिस ने काशीडीह हाईस्कूल के पास से विसर्जन में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे वाहन को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में सौरभ पंचकुंडीय, रोहित और रिंकू मोहंती समेत कुछ लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा, करीब 10 से 15 अज्ञात युवकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इलाके में क्यूआरटी तैनात की गई है और लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। इससे एक दिन पहले 19 सितंबर को भी जमशेदपुर के मानगो इलाके में गणेश विसर्जन को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें पांच लोग घायल हो गए थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके