Aapka Rajasthan

जमशेदपुर में केनरा बैंक में डकैती, भारी मात्रा में कैश और सोना लूटकर भागे अपराधी

जमशेदपुर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार को भीषण डकैती हुई है। शहर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर भारी मात्रा में नकदी और सोना लूट लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूटी गई नगद राशि और करोड़ों में बताई जा रही है।
 

जमशेदपुर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार को भीषण डकैती हुई है। शहर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर भारी मात्रा में नकदी और सोना लूट लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूटी गई नगद राशि और करोड़ों में बताई जा रही है।

हालांकि, बैंक प्रबंधन और पुलिस ने अभी लूट की कुल रकम का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांच नकाबपोश अपराधी हथियारों के साथ बैंक में दाखिल हुए। बैंक के अंदर पहुंचते ही उन्होंने हथियार निकालकर कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक के कैश काउंटर और लॉकर से नकदी बटोरा।

उन्होंने लॉकर खुलवाकर ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया सोना अपने कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने एक कर्मचारी को रिवॉल्वर की बट से मारकर घायल भी कर दिया। वारदात के बाद पांचों अपराधी बैंक से बाहर निकले और पैदल ही फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बैंक परिसर का निरीक्षण करने के साथ घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बैंक और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने जांच और चेकिंग भी शुरू कर दी है।

बैंक प्रबंधन फिलहाल लूटे गए नकदी और सोने का मिलान कर रहा है। इसके बाद ही लूट की वास्तविक राशि का पता चल सकेगा। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके