जमशेदपुर के सोनारी में असामाजिक तत्वों का उत्पात, सरस्वती मंदिर परिसर में खड़ी 4 गाड़ियों के तोड़े शीशे
रांची, 9 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर से तोड़फोड़ की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां असामाजिक तत्वों ने सोनारी थाना क्षेत्र में कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। बदमाशों ने सरस्वती मंदिर परिसर में खड़ी चार गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए हैं। घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश का माहौल है।
इस मामले में पीड़ित वाहन मालिकों ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह पूरा मामला सोनारी थाना क्षेत्र का है, जहां 8 नवंबर की रात से 9 नवंबर की सुबह के बीच असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सरस्वती मंदिर परिसर में खड़ी चार गाड़ियों को निशाना बनाया गया और उनके शीशे तोड़कर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। तोड़फोड़ की इस घटना में सुरेश कुमार साहू की इनोवा कार, राधानारायण प्रसाद की स्विफ्ट कार और मनोज कुमार सिंह की इनोवा कार शामिल हैं, जिनके साथ तोड़फोड़ की गई है।
वाहन मालिकों का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच कुछ लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर पहुंचे और परिसर में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद पीड़ितों ने सोनारी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है।
इसके साथ ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और आखिर मंदिर परिसर में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह है।
दीपावली के दिन की एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना तमिलनाडु से सामने आई, जहां थेनी जिले में दीपावली समारोह के दौरान नशे में धुत युवकों के एक समूह ने पुलिस के विशेष उपनिरीक्षक (एसएसआई) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात समाधर्मापुरम इलाके में हुई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
मृतक पुलिस अधिकारी की पहचान सेंथिल कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दीपावली समारोह के दौरान सार्वजनिक सड़क पर हुए विवाद के बाद युवकों के समूह ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवकों का एक समूह सड़क पर रास्ता रोककर पटाखे फोड़ रहा था। इस दौरान कुछ युवक रील भी बना रहे थे। इसी गतिविधि को लेकर पुलिस अधिकारी और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और समूह के सदस्यों ने कथित तौर पर अधिकारी की पिटाई कर दी।
हमले में गंभीर रूप से घायल सेंथिल कुमार को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन चिकित्सा सुविधा तक पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
