Aapka Rajasthan

जमशेदपुरः चेन स्नैचिंग के आरोपी ने दारोगा की पिस्टल छीनकर की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

जमशेदपुर, 16 जून (आईएएनएस)। जमशेदपुर में चेन छिनतई का एक शातिर आरोपी मंगलवार तड़के पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरपाल सिंह उर्फ गबरू के रूप में हुई है। उसे सोमवार की शाम को टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन छीनने की घटना के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसके एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी हरपाल सिंह ने पुलिस के समक्ष कुबूल किया कि उसने छिनतई के जेवरात और अन्य सामान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लंबा मैदान इलाके में छिपाकर रखे हैं। आरोपी के इस बयान के आधार पर मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे टेल्को थाना की एक विशेष टीम उसे सामान की बरामदगी के लिए संबंधित घटनास्थल पर लेकर गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी स्थल पर पहुंचते ही आरोपी हरपाल ने अचानक टीम में शामिल एक सब-इंस्पेक्टर पर हमला कर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर उसने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने उसे बार-बार रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार गोलियां चलाता रहा। इसके बाद आत्मरक्षा में और आरोपी को काबू में करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दोबारा दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सब-इंस्पेक्टर की सरकारी पिस्टल और खोखे बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी