Aapka Rajasthan

जम्मू-कश्मीरः सरकारी नौकरी दिलाने के नाम 8.25 लाख ठगने वाले नेता के खिलाफ केस दर्ज

अनंतनाग, 28 अगस्त, (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग पुलिस ने स्पेशल पुलिस अफसर (एसपीओ) की नौकरी और यात्रा सेवा प्रदाता घोटाले के मामले में राजनीतिक दल के नेता आबिद हुसैन नेगरू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
 

अनंतनाग, 28 अगस्त, (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग पुलिस ने स्पेशल पुलिस अफसर (एसपीओ) की नौकरी और यात्रा सेवा प्रदाता घोटाले के मामले में राजनीतिक दल के नेता आबिद हुसैन नेगरू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अनंतनाग पुलिस ने एक लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरकारी नौकरी दिलाने और अमरनाथ यात्रा के दौरान पहलगाम में टेंट लगाने की अनुमति दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई। खानाबल पुलिस चौकी को वहीद अहमद इत्तू ने लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया कि आबिद हुसैन नेगरू (निवासी: करंडीगाम, बिजबेहरा) ने उसके साथ धोखाधड़ी की।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता को यह कहकर झांसे में लिया कि वह पुलिस विभाग में एसपीओ के तौर पर सरकारी नौकरी दिला सकता है और अपनी राजनीतिक पहुंच का इस्तेमाल करके अमरनाथ यात्रियों के लिए पहलगाम में टेंट लगाने की अनुमति भी दिला सकता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन आश्वासनों के आधार पर उससे 8.25 लाख ले लिए गए। शिकायत का संज्ञान लेते हुए अनंतनाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

अनंतनाग पुलिस ने कहा कि सरकारी नौकरी या अन्य आधिकारिक लाभों के झूठे वादे करके लोगों को ठगने, धोखाधड़ी करने या उनका शोषण करने में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें और ऐसे धोखाधड़ी वाले आश्वासनों के झांसे में न आएं।

इसके पहले जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने श्रीनगर के सब-जज की अदालत में कैंसर मरीज के परिवार के साथ धोखाधड़ी करने वाले अफाक अहमद ठग के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। अफाक अहमद ने शिकायतकर्ता की कैंसर से पीड़ित पत्नी के लिए सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने का वादा किया और लाखों रुपये ले लिए, बाद में दवाइयां उपलब्ध नहीं कराईं।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम