जम्मू-कश्मीरः रियासी पुलिस ने पंजाब की जेल से फरार हुए तस्कर को किया गिरफ्तार
रियासी, 17 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में पुलिस ने पंजाब के एक वांछित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर पंजाब के फिरोजपुर जिला जेल से फरार हो गया था। आरोपी की पहचान रमनदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के फिरोजपुर जिले के थाना मलावाला अंतर्गत बस्ती रवा बाली का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर के सिलसिले में फिरोजपुर जिला जेल में रखा गया था। यह मामला एनसीबी, अमृतसर जोनल यूनिट पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, जिसमें उससे 21 किलो हेरोइन बरामद हुई थी। न्यायिक हिरासत से भागने के बाद रमनदीप के खिलाफ फिरोजपुर सिटी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी और लगातार की गई छानबीन व समन्वित प्रयासों के आधार पर जिला रियासी के कटरा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने इस फरार अपराधी को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। न्यायिक हिरासत से भागने के मामले में पंजाब पुलिस को उसकी तलाश थी।
इसके पहले अवंतीपोरा पुलिस ने लेथपोरा क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर मेहराज-उद-दीन गनई निवासी क्रांचू पंपोर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। आरोपी कई बार अदालतों से जमानत हासिल करने में सफल रहा लेकिन इसके बावजूद उसने कथित रूप से नशीले पदार्थों के कारोबार में अपनी संलिप्तता नहीं छोड़ी।
वहीं, एक अन्य मामले में दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत एक कथित ड्रग तस्कर की लगभग 13.05 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की गई है।
यह कार्रवाई बिजबेहरा पुलिस स्टेशन द्वारा अब्दुल गनी डार के खिलाफ की गई है, जिस पर 'नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस' (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। जब्त की गई संपत्तियों में कंक्रीट का दो मंजिला रिहायशी मकान और 17 कनाल, 15 मरला कमर्शियल (व्यावसायिक) और कृषि भूमि शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 13.05 करोड़ रुपये आंकी गई है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
