जम्मू-कश्मीर में सीबीआई की कार्रवाई, उधमपुर में रिश्वत लेते फायरमैन गिरफ्तार
श्रीनगर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने रिश्वत के एक मामले में कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में फायरमैन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दरअसल, सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के असिस्टेंट डायरेक्टर के ऑफिस में तैनात एक फायरमैन को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दर्ज मामला के तहत की।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी फायरमैन ने कटरा में शिकायतकर्ता के होटल के लिए फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की एनओसी प्रोसेस करने और जारी करने के बदले 40,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद आरोपी, शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए लेने को तैयार हो गया।
सीबीआई ने मंगलवार को एक जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। वहीं, सीबीआई की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
सीबीआई की ओर से की गई कार्रवाई का एक दूसरा मामला सोमवार को राजस्थान से सामने आया, जहां जयपुर की सीबीआई अदालत ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 3.61 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी के मामले में तत्कालीन ब्रांच मैनेजर राम भरोस मीणा को दोषी ठहराते हुए सात वर्ष की कठोर कैद की सजा सुनाई।
अदालत ने उन पर 2,85,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है। इसी मामले में एक निजी व्यक्ति, माखन लाल मीणा को भी दोषी ठहराया गया है और उसे तीन वर्ष की कठोर कैद तथा 25,000 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
सीबीआई ने यह मामला बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल ऑफिस, जयपुर की ओर से 3 जून 2016 को दी गई लिखित शिकायत के आधार पर 9 नवंबर 2016 को दर्ज किया था। शिकायत में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर राम भरोस मीणा पर अपने पद का दुरुपयोग करने और धोखाधड़ी एवं जालसाजी के जरिए बैंक को वित्तीय नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए थे।
--आईएएनएस
डीकेवीसी
