जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में ईद-उल-अजहा को लेकर प्रशासन अलर्ट, बाजारों में जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित
किश्तवाड़, 26 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में ईद-उल-अजहा के मद्देनजर ब्लॉक ठकराई में जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन की ओर से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
बीडीओ इश्तियाक अहमद मोलवी ने मंगलवार को आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि प्रशासन की ओर से बाजारों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान जरूरी वस्तुओं की कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि जिला विकास आयुक्त (डीसी) और एसपी की मौजूदगी में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें व्यापारियों और समाज के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। बैठक में फैसला लिया गया कि ईद के मौके पर बाजारों में सभी जरूरी सामान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए।
बीडीओ इश्तियाक अहमद मोलवी ने कहा कि मैं सबसे पहले पूरे हिंदुस्तान की तमाम आवाम को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद देना चाहता हूं। यह बकरीद हम सभी के लिए भाईचारा, खुशियां और मोहब्बत लेकर आए। प्रशासन के निर्देशों के बाद हमने पूरे ब्लॉक ठकराई के बाजारों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि बाजारों में चिकन, मीट और अन्य खाद्य सामग्री समेत सभी जरूरी चीजें पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि देश में हमेशा सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते आए हैं और इस बार भी इसी परंपरा को कायम रखने की जरूरत है। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाएं।
बता दें कि बकरीद को लेकर देशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। जानकारी के अनुसार, ईद-उल-अजहा (बकरीद) 27-28 मई को मनाई जाएगी। हर तरफ बाजारों में जहां व्यापारिक रौनक है, वहीं प्रशासन शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर के किश्ताड़ में भी प्रशाशन ने सुरक्षा वयवस्था बनाए रखने के लिहाज से तमाम तैयारियां की हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी
