Aapka Rajasthan

जम्मू कश्मीर के विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर सीएम उमर अब्दुल्ला से मिले विधायक

जम्मू, 12 नवंबर (आईएएनएस)। सिविल सचिवालय में कई प्रतिनिधिमंडलों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली छात्रों ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समुदाय की चिंताओं और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित मामलों के बारे में अवगत कराया।
 

जम्मू, 12 नवंबर (आईएएनएस)। सिविल सचिवालय में कई प्रतिनिधिमंडलों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली छात्रों ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समुदाय की चिंताओं और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित मामलों के बारे में अवगत कराया।

अनंतनाग पश्चिम के विधायक अब्दुल मजीद भट (लर्मी), सांबा के विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया और गुलमर्ग के विधायक पीरजादा फारूक अहमद शाह ने अलग-अलग मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, जन कल्याण से जुड़ी चिंताओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और प्रतिनिधिमंडलों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों और विकास संबंधी चिंताओं पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और उनका समाधान निकाला जाएगा।

शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) एम. अशरफ गनी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें इस प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान के कामकाज के बारे में जानकारी दी।

चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रमेश मुखिया ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने किश्तवाड़ जिले में कंपनी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति से जुड़े अहम मुद्दों पर भी चर्चा की।

ऑल जेएंडके क्रिश्चियन सभा ​​के एक प्रतिनिधिमंडल ने, जिसका नेतृत्व अध्यक्ष आशु पीटर मट्टू कर रहे थे, मुख्यमंत्री से मुलाकात की और सभा द्वारा आयोजित किए जाने वाले एक आगामी कार्यक्रम के बारे में चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जम्मू-कश्मीर में ईसाई समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में भी बताया।

इस बीच जम्मू के 'इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल जूनियर्स' के छात्रों ने प्रबंध निदेशक सिया सिंह, प्रधानाचार्या सहरीश इस्माइली और उप-प्रधानाचार्य आरती शर्मा के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने आने वाले बाल दिवस को लेकर मुख्यमंत्री को अपनी शुभकामनाएं दी। इस मुलाकात के जरिए युवा छात्रों को बाल दिवस से पहले मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिला।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी