जम्मू-कश्मीर: ड्रग नेटवर्क पर पुंछ पुलिस का बड़ा प्रहार, तस्करों के घरों पर सर्च अभियान
पूंछ, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पूंछ जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना मेंढर पुलिस की टीमों ने अपने क्षेत्र में उभरते नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कई स्थानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस की ओर से शनिवार को इस संबंध में जारी प्रेस नोट में बताया गया कि अभियान के दौरान पुलिस ने गांव गोल्हाड़, तहसील मेंढर के रहने वाले आरोपियों आबिद अली (पुत्र जफ्फर इकबाल) और साजिद अली (पुत्र मोहम्मद हफीज) के घरों की तलाशी ली। इन दोनों आरोपियों को पहले ही एफआईआर नंबर 31/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं (8/21/22/25/29) में गिरफ्तार किया जा चुका है।
कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों गुलाम रसूल (पुत्र सिकंदर आजम) और सदर-उद-दीन (पुत्र फैज आलम), निवासी गांव गोल्हाड़, तहसील मेंढर के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियों की पहचान कर उन्हें जड़ से खत्म करने की दिशा में की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी तलाशी अभियान सक्षम न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के बाद पूरी पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से किए गए। इस दौरान मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई, जिससे कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन हो सके।
जिला पुलिस पूंछ ने यह स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि नशे के नेटवर्क की जड़ों को खत्म किया जा सके। पुलिस ने आम जनता से भी यह अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देकर इस अभियान में अपना सहयोग करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त किया जा सके।
--आईएएनएस
पीएसके
