जम्मू-कश्मीर: अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जब्त किए कई वाहन
बारामूला, 23 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। रेत, बजरी और पत्थरों के अवैध उत्खनन में शामिल परिवहन को भी पुलिस ने जब्त किया है। बाबातेंग पट्टन के पास नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना वैध अनुमति के रेत/बजरी ले जा रहे 5 डंपर और 4 टिपर को रोका और जब्त कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने नवान मोड क्रीरी के पास एक अलग ऑपरेशन में बिना जरूरी अनुमति के खनिज सामग्री ले जा रहे 1 डंपर और 2 टिपर को भी जब्त किया गया। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमएमडीआर अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस बीच, पब्लिक पार्क कुंजर के पास नियमित गश्त के दौरान पुलिस स्टेशन कुंजर की एक पुलिस टीम ने दो ट्रैक्टरों को रोका, जिनमें हार्डबानी में फिरोजपोरा नाले से अवैध रूप से निकाले गए पत्थर लदे हुए थे।
सुहैल अहमद पंडित और दानिश अहमद के रूप में पहचाने गए ड्राइवर, खनिज सामग्री के उत्खनन या परिवहन के लिए कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सके। कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अवैध रूप से निकाले गए पत्थरों के साथ दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
बारामूला पुलिस अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह करती है।
अवैध खनन उस स्थिति को कहते हैं, जब सरकार की अनुमति के बगैर खनिज संपदा प्राप्त करने के लिए खनन जैसी प्रक्रियाओं को संपन्न किया जाता है। खनन के जरिए आमतौर पर बालू, पत्थर, कोयला, लौह अयस्क, मिट्टी या अन्य खनिज प्राप्त किए जाते हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
