Aapka Rajasthan

जेम्स एंडरसन लंकाशायर छोड़ने के बाद सरे से जुड़े

सरे, 12 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के महानतम तेज गेंदबाजों में शुमार जेम्स एंडरसन 2027 सीजन के लिए काउंटी चैंपियनशिप में सरे टीम से जुड़ गए हैं।
 

सरे, 12 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के महानतम तेज गेंदबाजों में शुमार जेम्स एंडरसन 2027 सीजन के लिए काउंटी चैंपियनशिप में सरे टीम से जुड़ गए हैं।

एंडरसन ने अपनी घरेलू काउंटी, लंकाशायर के साथ अपना घरेलू करियर जारी रखा था। उन्हें 2026 सीजन के लिए कप्तान बनाया गया था, जहां 50 विकेट लिए। उन्होंने 2001 में लैंकाशायर के लिए अपना डेब्यू किया था, और उसके अगले साल उन्हें इंग्लैंड के लिए खेलने का मौका मिला। उन्होंने इस काउंटी के लिए 112 फर्स्ट-क्लास मैचों में 443 विकेट, 61 लिस्ट-ए मैचों में 83 विकेट और 40 टी20 मुकाबलों में 50 विकेट लिए हैं।

इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बाद एंडरसन अगले सीजन में भी खेलना चाहते थे। इस सीजन में उन्हें लंकाशायर का 'चैंपियनशिप प्लेयर ऑफ द ईयर' भी चुना गया था, लेकिन लंकाशायर ने उन्हें बता दिया कि 2026 सीजन के बाद उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा।

एंडरसन ने कहा, "सरे जैसे क्लब से जुड़ना सम्मान की बात है। मैं अपने करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। सरे के पास एक बेहतरीन टीम है, जो चैंपियनशिप खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। मैं इसका हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"

2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले एंडरसन को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए 2025 में 'नाइटहुड' की उपाधि से सम्मानित किया गया था।

एंडरसन ने कहा, "मुझे अभी भी लगता है कि मैं टीम के लिए बहुत कुछ कर सकता हूं - विकेट ले सकता हूं और टीम को मैच जिताने में मदद कर सकता हूं। मैदान के बाहर भी मैं टीम के लिए काफी योगदान दे सकता हूं। मैं उन युवा खिलाड़ियों की मदद कर सकता हूं, जो अपने कौशल को निखारना चाहते हैं और आगे चलकर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।"

2018 में 'किआ ओवल' के मैदान पर ही एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में किसी तेज गेंदबाज द्वारा सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के महान गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने मोहम्मद शमी को आउट करके अपना 564वां विकेट लिया था।

उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा से 'किआ ओवल' में खेलना पसंद रहा है। मेरे लिए यह दुनिया के सबसे बेहतरीन मैदानों में से एक है। यहां मेरी कुछ बहुत ही खास यादें जुड़ी हैं। उम्मीद है कि अगले सीजन में मैं यहां कुछ और नई यादें बना पाऊंगा।"

एंडरसन ने 2003 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उस समय उनके साथ एलेक स्टीवर्ट भी थे, जो अब 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' हैं। एंडरसन का अंतरराष्ट्रीय करियर 21 साल तक चला, जिसमें उन्होंने खुद को इंग्लैंड के अब तक के सबसे महान गेंदबाज के रूप में स्थापित किया। उनके नाम 911 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं, जिनमें से 704 टेस्ट विकेट हैं। यह किसी भी अंग्रेज खिलाड़ी और खेल के इतिहास में किसी भी तेज गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी