Aapka Rajasthan

जबरदस्त गोलाबारी के बीच शत्रु की योजना की विफल, विश्व पुस्तक मेले में सैन्य बलिदान को किया गया याद

नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 में गुरुवार को सैन्य बलिदान को नमन किया गया। गुरुवार को सेना दिवस के अवसर पर सैन्य संघर्ष और बलिदान याद किए गए। इस दौरान बताया गया कि कैसे भारतीय सेना ने जवानों ने जबरदस्त गोलाबारी के बीच जांबाजी से शत्रु की योजना को विफल बनाया।
 
जबरदस्त गोलाबारी के बीच शत्रु की योजना की विफल, विश्व पुस्तक मेले में सैन्य बलिदान को किया गया याद

नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 में गुरुवार को सैन्य बलिदान को नमन किया गया। गुरुवार को सेना दिवस के अवसर पर सैन्य संघर्ष और बलिदान याद किए गए। इस दौरान बताया गया कि कैसे भारतीय सेना ने जवानों ने जबरदस्त गोलाबारी के बीच जांबाजी से शत्रु की योजना को विफल बनाया।

भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथा के जरिए बताया गया कि सेना ने विभिन्न ऑपरेशनों में रणनीतिक ठिकानों को कैसे सुरक्षित रखा गया। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के थीम पवेलियन में सेना दिवस के अवसर पर शौर्य, नेतृत्व और बलिदान को प्रतिबिंबित करने वाले सत्रों के माध्यम से भारत की सैन्य विरासत को सैल्यूट किया गया।

एक पैनल में मेजर राम राघोबा राणे, परमवीर चक्र पाने वाले पहले जीवित सैनिक के जीवन और विरासत पर चर्चा की गई। इस चर्चा में डॉ. डीवी गुरुप्रसाद और लेफ्टिनेंट कर्नल अन्नप्पा नारायण शेट ने अपने विचार साझा किए।

डॉ. गुरुप्रसाद ने कर्नाटक के कारवार में मेजर राणे की जड़ों और एक सिपाही से मेजर बनने तक की उनकी यात्रा का वर्णन किया। जो अनुशासन, धैर्य और सेवा से प्रेरित थी। लेफ्टिनेंट कर्नल शेट ने 1947–48 के संघर्ष के दौरान एक इंजीनियर अधिकारी के रूप में मेजर राणे के अद्वितीय पराक्रम पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे दुश्मन की भारी गोलाबारी के बीच उन्होंने बारूदी सुरंग निष्क्रियकरण अभियानों को सफल बनाया। जिनसे भारतीय सेनाओं को आगे बढ़ने और रणनीतिक ठिकानों को सुरक्षित करने में सहायता मिली।

वहीं, ऑपरेशन विजय (कारगिल युद्ध, 1999) पर भी एक ग्रुप डिसकशंन आयोजित की गई। इस समूह चर्चा में लेफ्टिनेंट जनरल मोहीन्द्र पुरी और ब्रिगेडियर ओम प्रकाश यादव ने कर्नल एससी त्यागी के साथ संवाद किया। अपने प्रत्यक्ष अनुभवों के आधार पर लेफ्टिनेंट जनरल पुरी ने श्रीनगर-शेरशाहाबाद सेक्टर में शॉर्ट नोटिस पर कमान संभालने, दुर्गम भूभाग, जटिल मौसम और शत्रु की निरंतर गोलाबारी की चुनौतियों से जुड़ी जानकारी साझा की।

ब्रिगेडियर यादव ने सामरिक योजना और क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए बताया कि किस प्रकार सैनिकों की सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति लाइनों को सुनिश्चित करते हुए कारगिल में प्रमुख ठिकानों पर कब्जा किया गया। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 में गुरुवार को विचारों, इतिहास और राष्ट्रबोध का सार्थक संगम नजर आया।

पठन एवं पुस्तकालयों के उन्नयन पर आधारित दो दिवसीय राष्ट्रीय नेतृत्व संवाद ‘रीडिंग इंडिया संवाद 2026’ का शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत द्वारा यह संवाद आयोजित किया गया। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 तथा विकसित भारत 2047 की राष्ट्रीय परिकल्पना के अनुरूप रहा। भारत के पठन, पुस्तकालय और ज्ञान तक पहुंच के पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने हेतु एक राष्ट्रीय समन्वय मंच के रूप में इसकी परिकल्पना की गई है।

रीडिंग संवाद का उद्घाटन शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की अपर सचिव अर्चना शर्मा अवस्थी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक तथा एनबीटी के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक कुमार विक्रम उपस्थित रहे।

युवराज मलिक ने बताया कि पठन किसी भी प्रगतिशील समाज की नींव है। उन्होंने सिकंदर, महान सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और नेपोलियन बोनापार्ट के जीवन से उद्धरण दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ही किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं। यह सोचने, सवाल करने और जिज्ञासा उत्पन्न करने की शक्ति प्रदान करती हैं।

शिक्षा सचिव संजय कुमार ने कहा, “पुस्तकों से भरी दीवार से अधिक सुंदर कुछ नहीं होता।”उन्होंने पठन को दूसरे के मन में प्रवेश करने की शक्ति बताया। उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में पुस्तकों के व्यापक प्रकाशन और पाठकवर्ग के विस्तार का आह्वान किया। शिक्षा सचिव ने नागरिकों से आने वाले 20 वर्षों के भारत की कल्पना करने का भी आग्रह किया।

वहीं, विश्व पुस्तक मेले के थीम पवेलियन में प्रसिद्ध लेखक तरुण विजय की पुस्तक ‘मंत्र विप्लव’ का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य रूप से दत्तात्रेय होसबले और सांसद सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दत्तात्रेय होसबले ने महर्षि अरविंद को याद करते हुए उनकी कही गई तीन बातों का उल्लेख किया, प्रथम अपने देश के प्राचीन ज्ञान को एकत्रित करना चाहिए, दूसरा उस ज्ञान को जीवन उपयोगी, मानव उपयोगी बनाना होगा और तीसरा हमें नवीनतम ज्ञान की खोज करते रहनी चाहिए।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएसएच