जबलपुर में बमबाजी करने वाले आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ पर एक्शन
जबलपुर, 13 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रांझी थाना पुलिस ने बमबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए 5 नाबालिगों समेत कुल 8 आरोपियों पर कार्रवाई की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना रांझी क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान से जुड़ी है। यहां बियर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने को लेकर दो नाबालिगों का विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने शराब दुकान पर बम फेंककर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों सहित कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
वहीं दूसरी घटना अंजनी विहार कॉलोनी की है। बताया गया कि एक होटल कर्मचारी से हुए विवाद के बाद कुछ बदमाशों ने उसके घर पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, वे गलतफहमी में होटल कर्मचारी के घर की जगह अधिवक्ता संतोष भारती के घर पर बम फेंक बैठे। इस घटना से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तीन नाबालिगों सहित कुल छह आरोपियों पर कार्रवाई की।
पुलिस ने दोनों मामलों में शामिल दो सगे भाइयों समर सोनकर और प्रशांत सोनकर के साथ हर्षराज को भी पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनसे कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करवाई गई और स्थानीय लोगों से माफी मंगवाई गई।
रांझी थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम
