जब शाहिद कपूर की इस गलती पर भड़क उठी थीं करिश्मा कपूर, सेट पर सभी हो गए थे परेशान
मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्री करिश्मा कपूर आज भी अपनी फिल्मों और स्टाइल के लिए जानी जाती हैं। फिल्मी दुनिया से जुड़ा उनका एक पुराना किस्सा अक्सर चर्चा में रहता है, जिसमें उनका नाम अभिनेता शाहिद कपूर के साथ जोड़ा जाता है। यह मामला 'दिल तो पागल है' के सेट का है, जिसमें शाहिद कपूर बैकग्राउंड डांसर के तौर पर मौजूद थे। आखिर, सेट पर ऐसा क्या हुआ, जिससे बॉलीवुज की 'लोलो' आग बबूला हो गई, चलिए आपको बताते है।
करिश्मा कपूर का जन्म 25 जून 1974 को मुंबई में हुआ था। वह भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित कपूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। बचपन से ही उनकी रुचि अभिनय में थी। हालांकि, उस समय परिवार की परंपराओं के कारण फिल्मों में कदम रखना आसान नहीं माना जाता था, लेकिन उन्होंने कम उम्र में ही अभिनय को अपना करियर बनाने का फैसला किया।
करिश्मा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'प्रेम कैदी' से की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उनके करियर को नई ऊंचाई 1996 में आई फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' से मिली। आमिर खान के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और फिल्म बड़ी हिट साबित हुई। इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद करिश्मा को बड़े-बड़े फिल्म प्रोजेक्ट मिलने लगे और वह उस समय की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
इसके बाद साल 1997 में आई फिल्म 'दिल तो पागल है' ने उनके करियर को और ऊंचाई दी। इस फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित भी थे। इसी फिल्म के एक मशहूर डांस गाने 'ले गई ले गई' में शाहिद कपूर बैकग्राउंड डांसर के रूप में नजर आए थे। कहा जाता है कि इस गाने की शूटिंग के दौरान डांस स्टेप्स कई बार मैच नहीं हो रहे थे, जिससे रीटेक बढ़ते गए। ऐसे में करिश्मा को काफी गु्स्सा आ गया था। हालांकि बाद में इस शॉट को पूरा कर लिया गया और यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और करिश्मा के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल हो गई।
करिश्मा कपूर ने अपने करियर में 'हम साथ साथ हैं', 'बीवी नंबर 1', 'गोपी किशन', 'जिगर', 'अनारी', 'राजा बाबू', 'सुहाग', 'खुद्दार', 'साजन चले ससुराल', 'जुड़वा', 'जीत', 'हसीना मान जाएगी', 'फिजा', 'शक्ति: द पावर', 'दुल्हन हम ले जाएंगे' और 'रिश्ते ' समेत कई हिट फिल्में दीं । उन्होंने हर तरह के रोल निभाए और खुद को बेहतरीन अभिनेत्री के रूप में साबित किया।
अपने शानदार करियर के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान मिले। उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिले।
--आईएएनएस
पीके/एएस
