जब सहेलियों ने उड़ाया अमिताभ का मजाक, तो भिड़ गई थीं जया, 'पहली नजर' के प्यार की अनसुनी दास्तां
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कुछ रिश्ते किसी फिल्मी कहानी की तरह होते हैं, जो स्ट्रगल से शुरू होकर एक मजबूत और परिपक्व अंजाम पर पहुंच जाते हैं।
ऐसा ही रिश्ता जया बच्चन और अमिताभ बच्चन के बीच था। जब अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा में ठीक से पैर नहीं जमा पाए थे, तब जया बंगाली और हिंदी सिनेमा की उभरती स्टार थीं। वह हमेशा से एक शांत और सुलझी हुई लड़की के तौर पर जानी जाती थीं। आज हम जया बच्चन के बारे में इसलिए बात कर रहे हैं, क्योंकि अभिनेत्री 9 अप्रैल को 78वां जन्मदिन मना रही हैं।
कहते हैं कि उगते सूरज को हर कोई सलाम करता है, लेकिन जया बच्चन और अमिताभ बच्चन का रिश्ता बिल्कुल इसके विपरीत था। आज के स्टार सक्सेस का स्वाद चखने के बाद शादी के बारे में सोचते हैं, वहीं जया ने अमिताभ बच्चन को उस वक्त अपना दिल दे दिया था, जब वे हिंदी सिनेमा में कुछ खास नाम तक नहीं बना पाए थे, जबकि जया बचपन से फिल्मों से काम कर रही थीं।
उन्होंने बंगाली और हिंदी फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम किया था। बहुत कम लोग जानते हैं कि जया बच्चन ने जब पहली बार अमिताभ बच्चन को फिल्म स्टूडियो में देखा था, तो उनकी सादगी और पर्सनैलिटी की दीवानी हो गई थी। अपने मन की बात उन्होंने अपनी सहेलियों से भी कही थी, लेकिन उनकी सहेलियों को अभिनेता बिल्कुल पसंद नहीं आए थे, और उन्होंने जया के सामने ही अमिताभ को 'लकड़ी' कह दिया था और कहा था कि अभिनेता के चेहरे पर सिर्फ बड़ी-बड़ी आंखें हैं। यह सुनकर जया भड़क गई थी और कहा था कि उन्हें यकीन है कि अभिनेता हिंदी सिनेमा में कुछ बड़ा करेंगे।
वहीं, अमिताभ बच्चन को एक मैगजीन की फोटोशूट को देखकर जया की खूबसूरती का अहसास हुआ था। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि जया संस्कारी और मॉर्डन दोनों थी और उन्हें ऐसी ही लड़की की तलाश थी। फिल्म गुड्डी के सेट से दोनों के बीच नजदीकियों का सिलसिला शुरू हुआ, हालांकि उस वक्त वे अमिताभ से ज्यादा समय धर्मेंद्र के साथ शूटिंग पर बिताती थी।
जया धर्मेंद्र से भी अभिनेता के बारे में बात करती थीं। कहा जाता है कि शुरुआती करियर में फ्लॉप फिल्म के चलते अभिनेत्रियों ने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने से मना कर दिया था और तब जया ने 'जंजीर' फिल्म में काम करने के लिए हां की थी और 'जंजीर' सुपर हिट फिल्म रही थी। जंजीर वो फिल्म थी जिसने फ्लॉप अमिताभ बच्चन को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था।
--आईएएनएस
पीएस/एबीएम
