'इतने छोटे लड़के के लिए ऐसे रिकॉर्ड बनाना आसान नहीं', वैभव सूर्यवंशी की आतिशी बल्लेबाजी से प्रभावित कपिल देव
चंडीगढ़, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने वैभव को बेहतरीन खिलाड़ी बताते हुए कहा कि जब वह इस टैलेंट के साथ और अधिक परिपक्व हो जाएंगे, तो इसका फायदा भारतीय टीम को मिलेगा।
हाल ही में वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में 53 गेंदों में 204 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वैभव को लेकर आईएएनएस के साथ बात करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने कहा, "वह बहुत अच्छे प्लेयर हैं। इतने छोटे लड़के के लिए ऐसे रिकॉर्ड बनाना आसान नहीं है। जैसे-जैसे समय जाएगा वो और अधिक परिपक्व हो जाएंगे। इतने टैलेंट के बाद परिपक्वता आएगी, तो यह भारतीय टीम के लिए अच्छा होगा।"
उन्होंने गोल्फ की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर कहा, "अच्छा लग रहा है कि इस गेम (गोल्फ) की भी ग्रोथ हो रही है। लगता नहीं था कि गोल्फ इतनी जल्द मशहूर होगा, इसके लिए मैं सभी स्पॉन्सर, खिलाड़ियों और मीडिया का भी धन्यवाद करना चाहूंगा। इस गेम को अगर और मशहूर करना है, तो उसमें मीडिया का बहुत सहयोग चाहिए होगा।"
पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "गोल्फ कोर्स जितने ज्यादा होंगे उतना अच्छा है। हालांकि, आपको जो है उसमें ही खुश रहना है और मेहनत करनी है। जो नहीं है उसके ऊपर चर्चा करने के लिए यह जगह शायद सही नहीं है। जितने ज्यादा से ज्यादा गोल्फ कोर्स होंगे उतने अधिक खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा। थोड़ा मुश्किल है, लेकिन अगर आप पिछले 5 साल के मुकाबले देखेंगे, तो काफी फर्क आया है। आगे और भी फर्क पड़ेगा। कई बड़े स्पॉन्सर आगे आ रहे हैं, जिसका असर जरूर दिखेगा। अभी हम शायद इसके बाद मुंबई खेलने जा रहे हैं। शशि रुइया जी का टूर्नामेंट हो रहा है। हमें सपोर्ट करने कई बड़ी कंपनियां आ रही हैं, हम तो उन्हें बस धन्यवाद ही कह सकते हैं।"
आईपीएल के आगामी सीजन को लेकर भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि वह इस टी20 लीग का आनंद लेंगे और यह देखेंगे कि कौन से नए युवा खिलाड़ी निकलकर आएंगे, जो आगे चलकर भारत के लिए खेल सकें। हमारे लिए यह ज्यादा महत्वपूर्ण है।
भारतीय कप्तानी को लेकर चल रही चर्चा पर कपिल देव ने कहा कि सीरीज के बीच में कप्तानी पर बात नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीरीज के बीच में चर्चा करके आप अपने कप्तान पर दबाव डालने का काम कर रहे हैं। भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने कहा कि बीच सीरीज के बजाय, सीरीज के बाद कप्तान, कोच और टीम के प्रदर्शन को लेकर चर्चा होनी चाहिए।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
