Aapka Rajasthan

आईटीबीपी के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिमवीरों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिमवीरों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
 

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिमवीरों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, "शौर्य दृढ़ता, कर्मनिष्ठा के अखंड प्रण के साथ देश की सुरक्षा के लिए सतत सजग भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के समस्त वीर जवानों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे हिमवीर अत्यंत दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सुरक्षा और एकता के सजग प्रहरी बने रहते हैं। आपके समर्पण, अनुशासन और अदम्य साहस को नमन।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "भारत तिब्बत सीमा पुलिस' के स्थापना दिवस पर आईटीबीपी के सभी हिमवीरों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारे वीर जवान हिमालय की अत्यंत विषम परिस्थितियों और शून्य से नीचे के तापमान में भी अडिग रहते हुए देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। जिस वीरता, पराक्रम एवं समर्पण से आप सीमाओं को सुरक्षित रखते हैं, वह हर भारतवासी को गर्व से भर देता है।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के 65वें स्थापना दिवस पर सभी वीर हिमवीरों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हिमालय की दुर्गम चोटियों और अत्यंत विषम परिस्थितियों में मां भारती की सीमाओं की रक्षा के लिए आपका अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। आपकी वीरता, त्याग और समर्पण को संपूर्ण राष्ट्र का वंदन।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पोस्ट में लिखा, "अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण के प्रतीक मां भारती की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के सभी वीर जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर आपदा के समय नागरिकों की सहायता तक, हमारे हिमवीरों की निस्वार्थ सेवा और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। आप सभी के साहस और राष्ट्रसेवा के जज्बे को मेरा हृदय से नमन।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "विषम परिस्थितियों और बर्फीली चोटियों पर अडिग रहकर मां भारती की रक्षा करने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के स्थापना दिवस पर सभी वीर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं! आपका अदम्य साहस, अटूट कर्तव्यनिष्ठा और कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मातृभूमि की सुरक्षा में आपके अतुलनीय योगदान और ‘शौर्य-दृढ़ता-कर्मनिष्ठा’ के मूलमंत्र को सादर नमन!"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के स्थापना दिवस पर मां भारती की रक्षा में अडिग प्रहरी बनकर तैनात आईटीबीपी के हिमवीरों के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम, त्याग एवं बलिदान को कोटिशः नमन। विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनका अटूट समर्पण और वीरता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट किया, "मातृभूमि की सीमाओं की रक्षा में अडिग साहस एवं समर्पण का परिचय देने वाले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के सभी वीर जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्ररक्षा के प्रति आपकी अडिग प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं समर्पण प्रत्येक भारतीय के हृदय में गर्व और सम्मान का भाव जगाता है।"

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है। आईटीबीपी की स्थापना 24 अक्टूबर 1962 को भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी। इसे मुख्य रूप से सीआरपीएफ अधिनियम के तहत गठित किया गया था ताकि विदेशी घुसपैठ और अतिक्रमण के खिलाफ आम नागरिकों में से एक प्रतिरोध बल तैयार किया जा सके।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम