Aapka Rajasthan

आईटीएटी में प्राइवेट सेक्रेटरी समेत 42 पदों पर नियुक्ति के लिए फटाफट करें आवेदन, 16 अगस्त अंतिम तिथि

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है। भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय के तहत काम करने वाली एक अर्ध-न्यायिक संस्थान, आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल) ने अपने विभिन्न बेंचों में सीनियर प्राइवेट सेक्रेटरी/प्राइवेट सेक्रेटरी (दोनों ग्रुप ‘बी’ गजेटेड) के कैडर में मौजूदा और संभावित खाली कुल 42 पदों को भरने के लिए देश के पात्र नागरिकों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
 
आईटीएटी की ओर से जारी 42 रिक्तियों में सीनियर प्राइवेट सेक्रेटरी के 22 और प्राइवेट सेक्रेटरी के 20 पद शामिल हैं। सीनियर प्राइवेट सेक्रेटरी के 22 रिक्तियों में एससी का 1, एसटी के 5, ओबीसी के 4, ईडब्ल्यूएस के 5 और जनरल के 7 पद शामिल हैं। वहीं, प्राइवेट सेक्रेटरी की 20 रिक्तियों में एससी के 5, एसटी के 2, ईडब्ल्यूएस के 3 और जनरल के 10 पद शामिल हैं। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि खाली पदों की संख्या में बढ़ोतरी की भी संभावना है।

इन दोनों पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के जिन इच्छुक उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आईटीएटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन या उसके बराबर की योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास इंग्लिश शॉर्टहैंड में 120 शब्द प्रति मिनट की स्पीड और कंप्यूटर का कामकाजी ज्ञान, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, एक्सेल या पेज-मेकर जैसे सॉफ्टवेयर चलाने की जानकारी शामिल हो, होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सीनियर प्राइवेट सेक्रेटरी पद के लिए 47,600 से 1,51,100 रुपए के बीच और प्राइवेट सेक्रेटरी पोस्ट के लिए 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट 9 विभिन्न केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, गुवाहाटी, लखनऊ, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं। वहीं, लिखित परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी जल्द ही आईटीएटी द्वारा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम