इसरो में 92 साइंटिस्ट-इंजीनियर पदों के लिए जल्द करें आवेदन, अंतिम तिथि करीब
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में नौकरी करने की ख्वाहिश रखने वाले युवाओं के हाथ से एक अच्छा मौका निकलने वाला है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का एक विशेष विभाग, इसरो केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (आईसीआरबी) ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (ग्रुप 'ए' गजेटेड पोस्ट) और साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (नॉन-गजेटेड पोस्ट) के कुल 92 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
इसरो की ओर से जारी 92 रिक्तियों में साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 34, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (मैकेनिकल) के 26, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (कंप्यूटर साइंस) के 13, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (सिविल) के 10, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (इलेक्ट्रिकल) के 4, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग) के 2, साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (आर्किटेक्चर) के 2 और साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' (सिविल) - ऑटोनॉमस बॉडी (पीआरएल) का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक, ग्रेजुएशन या इसके समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास वैध गेट स्कोर का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना अप्लाई करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वैध गेट स्कोर और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पे मैट्रिक्स के लेवल 10 के अनुसार 56,100 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 250 रुपए तय किया गया है। वहीं, सभी श्रेणी की महिलाएं, अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) और बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
