इसरो-एलपीएससी भर्ती 2026: टेक्निकल असिस्टेंट सहित 19 पदों पर नौकरी का सुनहरा अवसर, 4 सितंबर तक करें आवेदन
बेंगलुरु, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए तिरुवनंतपुरम के पास वालियामाला और बेंगलुरु में स्थित लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर (एलपीएससी) यूनिट्स ने खाली विभिन्न 19 पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
इसरो-एलपीएससी की ओर से जारी 17 रिक्तियों में टेक्निकल असिस्टेंट (मैकेनिकल) के 6, टेक्निकल असिस्टेंट (केमिकल) का 1, तक्नीशियन 'बी' (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक) का 1, तक्नीशियन 'बी' (फिटर) के 9, ड्राफ्ट्समैन 'बी' (मैकेनिकल) का 1 और फायरमैन ‘ए’ का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त के दोपहर 2 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर तक की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इसरो-एलपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के दोपहर 2 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर के दोपहर 2 बजे तक तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार मैकेनिकल/केमिकल इंजीनियरिंग में प्रथम श्रेणी के साथ तीन वर्ष का डिप्लोमा, एसएसएलसी/एसएससी पास के साथ एनसीवीटी से इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक/फिटर/ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) ट्रेड में आईटीआई/एनटीसी/एनएसी होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 25 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना एप्लीकेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और विस्तृत चिकित्सा जांच (डीएमई) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 19,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट केवल तिरुवनंतपुरम (केरल) में उपयुक्त स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 750 रुपए तय किया गया है। वहीं, जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को 250 रुपए की आवेदन फीस काटकर 500 रुपए वापस कर दिए जाएंगे। वहीं, महिलाएं/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिकों को पूरी फीस वापस कर दी जाएगी।
--आईएएनएस
डीके/डीएससी
