इसरो-आईपीआरसी भर्ती 2026: टेक्निकल असिस्टेंट सहित 22 पदों पर भर्ती, 15 सितंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
चेन्नई, 12 सितंबर (आईएएनएस)। अंतरिक्ष क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (आईपीआरसी) ने विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है। इसके तहत टेक्निकल असिस्टेंट समेत कुल 22 रिक्त पदों को भरा जाएगा। यह भर्ती तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के महेंद्रगिरी स्थित यूनिट के लिए है। भर्ती का नोटिफिकेशन इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। चयनित उम्मीदवार इसरो के लॉन्च व्हीकल और स्पेसक्राफ्ट कार्यक्रमों से जुड़ेंगे।
इसरो-आईपीआरसी की ओर से जारी 22 रिक्तियों में टेक्निकल असिस्टेंट (ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग) का 1, टेक्निकल असिस्टेंट (मैकेनिकल) के 3, टेक्निकल असिस्टेंट (इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन) का 1, टेक्नीशियन ‘बी’ (टर्नर) के 2, टेक्नीशियन ‘बी’ (फिटर) के 4, टेक्नीशियन ‘बी’ (वेल्डर) के 2, टेक्नीशियन ‘बी’ (मशीनिस्ट) के 3, टेक्नीशियन ‘बी’ (रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग) का 1, टेक्नीशियन ‘बी’ (इलेक्ट्रीशियन) का 1, कुक ‘ए’ का 1 और फायरमैन ‘ए’ के 3 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इसरो-आईपीआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि की शाम 4 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार टेक्निकल असिस्टेंट पदों के लिए फर्स्ट क्लास डिप्लोमा, टेक्नीशियन ‘बी’ पदों के लिए एसएसएलसी/एसएससी/मैट्रिक/10वीं कक्षा पास और एनसीवीटी से एनटीसी के साथ टर्नर ट्रेड में आईटीआई या एनसीवीटी से एनएसी, कुक ‘ए’ के लिए एसएसएलसी/एसएससी/मैट्रिक/10वीं कक्षा उत्तीर्ण होने के साथ किसी जाने-माने होटल/कैंटीन में कुक के तौर पर 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं, फायरमैन ‘ए’ पद के लिए एसएसएलसी/एसएससी/मैट्रिक/10वीं कक्षा पास होना जरूरी है और तय किए गए शारीरिक फिटनेस के मानकों को पूरा करना होगा। इसके अलावा, ऑनलाइन आवेदन के साथ शुरुआती मेडिकल जांच का सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 25 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 5 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन ‘बी’ और कुक ‘ए’ पदों के लिए लिखित परीक्षा के साथ स्किल टेस्ट (सिलेबस पर आधारित) एवं फायरमैन ‘ए’ पोस्ट के लिए लिखित परीक्षा के साथ स्किल टेस्ट (शारीरिक दक्षता परीक्षा) और विस्तृत मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच, टेक्नीशियन ‘बी’ के लिए 21,700 से 69,100 रुपए के बीच और कुक ‘ए’ एवं फायरमैन ‘ए’ के लिए 19,900 से 63,200 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए 750 रुपए और टेक्नीशियन ‘बी’, कुक ‘ए’ एवं फायरमैन ‘ए’ पदों के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
