Aapka Rajasthan

आईएसएल 2025-26: घरेलू मैदान पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से होगी चेन्नईयिन एफसी की भिड़ंत

चेन्नई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शुक्रवार को चेन्नईयिन एफसी अपने घरेलू मैदान पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ अहम मुकाबला खेलेगी। यह मैच चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।
 
आईएसएल 2025-26: घरेलू मैदान पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से होगी चेन्नईयिन एफसी की भिड़ंत

चेन्नई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शुक्रवार को चेन्नईयिन एफसी अपने घरेलू मैदान पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ अहम मुकाबला खेलेगी। यह मैच चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।

हाल ही में ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ मैच में चेन्नईयिन ने आक्रामक खेल दिखाया था। खासकर विंग्स और तेज काउंटर अटैक में टीम मजबूत दिखी थी, लेकिन टीम ने गोल करने के कई मौके गंवाए थे। यही वजह रही थी कि टीम को मनचाहा नतीजा नहीं मिल सका। टीम के मुख्य कोच क्लिफोर्ड मिरांडा ने कहा कि उनकी टीम को मौके भुनाने पर ध्यान देना होगा। उनके अनुसार, जब टीम अच्छा खेल रही होती है और मौके बना रही होती है, तब उन मौकों को गोल में बदलना बहुत जरूरी होता है। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और खेल पर पकड़ मजबूत होती है।

एससी दिल्ली से मिलने वाली आगामी चुनौती का अनुमान लगाते हुए मिरांडा ने मेहमान टीम का गहन मूल्यांकन किया और उनकी युवा ऊर्जा तथा आक्रामक दृष्टिकोण पर जोर दिया।"वे एक युवा टीम हैं, लेकिन ऐसी टीम जो पूरे दिल से खेलती है और जिसके पास कई आक्रामक खिलाड़ी हैं। वे खुद को साबित करने के लिए उत्सुक हैं। उनके पास एक युवा और बहुत ही गतिशील कोच भी हैं जो चाहते हैं कि उसकी टीम आकर्षक फुटबॉल खेले। शुक्रवार को दो ऐसी टीमों के बीच एक अच्छा मुकाबला होगा जो गेंद को जमीन पर रखकर खेलना पसंद करती हैं।"

रणनीति की बात करें तो दिल्ली की टीम तीन डिफेंडरों के साथ खेलती है और उनके पास मजबूत मिडफील्ड भी है। वे पीछे से खेल बनाते हैं और जरूरत पड़ने पर लंबी पासिंग का भी इस्तेमाल करते हैं। मिरांडा ने कहा कि उनकी टीम इस चुनौती के लिए तैयार है और जरूरत के हिसाब से अपनी रणनीति बदलेगी। टीम के युवा फॉरवर्ड इरफान यादवाड भी अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले मैच में शानदार गोल किया था और लगातार विपक्षी टीम के लिए खतरा बने रहे। इरफान ने कहा कि एक युवा खिलाड़ी के लिए फिटनेस और अनुशासन बहुत जरूरी है। सही खान-पान, ट्रेनिंग और तैयारी से ही अच्छा प्रदर्शन किया जा सकता है।

कोच मिरांडा ने एल्सीन्हो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले मैच में लगी चोट के कारण वह इस सीजन के बाकी मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। मुख्य कोच ने यह भी पुष्टि की कि डिफेंडर लालडिनलियाना रेंथले का स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ मैच में खेलना अभी भी अनिश्चित है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी