Aapka Rajasthan

'इसाकापटनम' का दमदार ट्रेलर रिलीज, डायरेक्टर का दावा- 'अंत तक बांधे रखेगी...'

मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। ओटीटी की दुनिया में नई तेलुगु वेब सीरीज 'इसाकापटनम' को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस सीरीज में समुथिरकानी और ऐश्वर्या राजेश मुख्य भूमिका में हैं। इस सीरीज का ट्रेलर सोमवार को हैदराबाद में एक इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया, जिसने लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।
 
'इसाकापटनम' का दमदार ट्रेलर रिलीज, डायरेक्टर का दावा- 'अंत तक बांधे रखेगी...'

मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। ओटीटी की दुनिया में नई तेलुगु वेब सीरीज 'इसाकापटनम' को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस सीरीज में समुथिरकानी और ऐश्वर्या राजेश मुख्य भूमिका में हैं। इस सीरीज का ट्रेलर सोमवार को हैदराबाद में एक इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया, जिसने लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।

'इसाकापटनम' एक सात एपिसोड की क्राइम थ्रिलर है, जिसे तमाडा मीडिया प्रोडक्शन्स के बैनर तले राहुल तमाडा और साईदीप रेड्डी बोरा ने प्रोड्यूस किया है। इस शो में कई अनुभवी कलाकार शामिल हैं, जिनमें सुनील, नरेश अगस्त्य, मेरिन फिलिप, सुधाकर कोमाकुला, राजीव कनकला, माइम गोपी, रोहिणी, बनर्जी, ज्वाला कोटी, रवि वर्मा और राजा चेम्बोलू जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'इसाकापटनम' की कहानी एक काल्पनिक बंदरगाह शहर पर आधारित है, जहां अपराध, राजनीति और लोगों की वफादारी एक-दूसरे से टकराती दिखाई देती है। इस शहर में सत्ता और प्रभाव के लिए चल रही खींचतान कहानी को आगे बढ़ाती है। कहानी का माहौल ऐसा है जहां हर किरदार किसी न किसी महत्वाकांक्षा या मजबूरी से जूझ रहा है, और यही चीज इसे एक गहरी क्राइम-ड्रामा बनाती है।

डायरेक्टर गैरी बीएच ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा, ''यह सीरीज भले ही एक काल्पनिक दुनिया में सेट है, लेकिन इसके किरदार और उनकी भावनाएं वास्तविक लगती हैं। कहानी में लालच, महत्वाकांक्षा, प्यार, नुकसान और बदले जैसे भावनाओं को मजबूत तरीके से दिखाया गया है। इस कहानी में लगातार ऐसे मोड़ आते हैं जो दर्शकों को चौंकाते रहते हैं और उन्हें अंत तक बांधे रखते हैं। इस प्रोजेक्ट पर काम करना मेरे लिए एक संतोषजनक अनुभव रहा और मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस दुनिया से जुड़ाव महसूस करेंगे।''

मुख्य अभिनेता समुथिरकानी ने अपने किरदार 'नायडू' के बारे में बात करते हुए कहा, ''मुझे इस शो में सबसे ज्यादा आकर्षित इसकी कहानी की गहराई और मेरे किरदार की जटिलता ने किया है। यह सिर्फ एक एक्शन या क्राइम ड्रामा नहीं है, बल्कि इसमें यह भी दिखाया गया है कि कैसे लालच, बदले की भावना और महत्वाकांक्षा इंसान के फैसलों को बदल देती है। यह मेरे करियर के लिए एक अलग तरह का अनुभव है और मैं चाहता हूं कि दर्शक मेरे इस नए अवतार को देखें और समझें।"

वहीं, अभिनेत्री ऐश्वर्या राजेश ने अपने किरदार 'भारती' के बारे में बताया कि यह भूमिका उनके लिए चुनौतीपूर्ण भी थी और संतोषजनक भी। उन्होंने कहा, ''यह किरदार एक मजबूत महिला का है, जो मुश्किल परिस्थितियों में भी टूटती नहीं है और अपने फैसलों पर डटी रहती है। इस किरदार की सबसे खास बात उसकी मजबूती और भावनात्मक गहराई है, जो उसे एक वास्तविक इंसान जैसा बनाती है। यह भूमिका अभिनय के नए पहलुओं को समझने का मौका देती है।''

'इसाकापटनम' वेब सीरीज 2 जुलाई को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम