इस सेतु का श्रेय 100 प्रतिशत नीतीश कुमार को जाता है: प्रशांत कुमार
पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे, नीतीश सेतु के उद्घाटन से जुड़े विवाद, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोपों, विधान परिषद में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हुए हंगामे और निशांत कुमार की राजनीति में संभावनाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "बतौर प्रधानमंत्री उन्हें बिहार आना चाहिए। उन्हें जितनी चिंता बिहार की करनी चाहिए, उतना फोकस उनका नहीं है। आज 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करने आ रहे हैं तो अच्छी बात है। इस सेतु का श्रेय 100 प्रतिशत नीतीश कुमार को जाता है। मेरा मानना है कि उनकी सोच ऐसी कभी नहीं रही कि उनके नाम पर सेतु बने। उनकी सोच थी कि सेतु बने।"
प्रशांत किशोर ने कहा, "आंकड़े बता रहे हैं कि दूसरे राज्यों की तुलना में बिहार और पीछे छूटता जा रहा है। चाहे प्रति व्यक्ति आय का मामला हो, बिहार की जीडीपी का देश की जीडीपी में योगदान का मामला हो, पढ़ाई का मामला हो, हर मामले में बिहार 2014 से ही देखें तो और पीछे छूटता जा रहा है। दूसरे राज्यों की तुलना में पिछड़ता हुआ बिहार कब सुधरेगा, पलायन कब रुकेगा और डबल इंजन की सरकार को बताना चाहिए कि बिहार को बाढ़ से कब मुक्ति मिलेगी?"
विधान परिषद के विवाद को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा, "पिछले एक-डेढ़ वर्ष से सुनने में आ ही रहा था कि विधानसभा और विधान परिषद में जो भर्तियाँ हो रही हैं, उनमें बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार किया गया है। अब मामला सामने आने के बाद कुछ लोगों की नियुक्तियों को रद्द किया गया है। लेकिन इस सरकार के नस-नस में भ्रष्टाचार घुसा हुआ है। एक मामला सामने आने के बाद दिख रहा है, लेकिन कौन-सा ऐसा विभाग है, जहां बिना पैसे के काम कराया जा सकता है? यह स्थिति आज से नहीं, बल्कि पिछले कई वर्षों से बनी हुई है।"
--आईएएनएस
एसडी/एएस
