आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में प्रिंस और सूर्यांश का डेब्यू, आईपीएल 2026 का प्रदर्शन काम आया
बेलफास्ट, 28 जून (आईएएनएस)। भारत और आयरलैंड के बीच रविवार को सीरीज का दूसरा और आखिरी टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। दूसरे टी20 में भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में दो युवा खिलाड़ियों प्रिंस यादव और सूर्यांश शेड्गे को मौका दिया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज करने वाले प्रिंस यादव को तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में मौका दिया गया है। प्रिंस को डेब्यू कैप दिग्गज ऑलराउंडर शिवम दुबे ने सौंपी। प्रिंस का कैप नंबर 121 है।
वहीं, सूर्यांश शेड्गे को संजू सैमसन ने डेब्यू कैप सौंपी। शेड्गे का किसी भी फॉर्मेट में यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है। उन्हें 120 नंबर कैप मिली। सूर्यांश को विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने डेब्यू कैप सौंपी। सूर्यांश पूर्व में घोषित टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन नितीश कुमार रेड्डी के इंजरी की वजह से बाहर होने के बाद सूर्यांश को उनकी जगह मौका दिया गया और अब उन्हें डेब्यू भी कराया जा चुका है।
प्रिंस यादव और सूर्यांश को टीम में जगह मिलने और अब डेब्यू करने का मौका देने के पीछे उनका आईपीएल 2026 का प्रदर्शन है।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव आईपीएल में लखनऊ सुपर जांयट्स (एलएसजी) के लिए खेलते हैं। प्रिंस ने आईपीएल 2026 में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को उनके खिलाफ रन बनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रिंस के पास गति, उछाल, स्विंग, यॉर्कर है जो बल्लेबाजों को परेशान करती है। इस गेंदबाज ने आईपीएल 2026 में एलएसजी के लिए 14 मैचों में 16 विकेट लिए थे।
वहीं, सूर्यांश ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए कुछ अच्छी पारियां खेली थीं और अपनी क्षमता दिखायी थी। सूर्यांश ने 7 मैचों में 175 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए थे।
सूर्यांश टी20 में भारत के लिए डेब्यू करने वाले 120वें और प्रिंस 121वें खिलाड़ी हैं। भारत की तरफ से जनवरी 2025 में हर्षित राणा ने टी20 डेब्यू किया था, उसके बाद सूर्यांश और प्रिंस का डेब्यू हुआ है।
--आईएएनएस
पीएके
