आईआरसीटीसी भर्ती 2026 : हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर्स सहित 28 पदों पर नौकरी का मौका, 5 अक्टूबर से वॉक-इन इंटरव्यू
नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) लिमिटेड ने अपने साउथ सेंट्रल जोन में संविदा के आधार पर हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर्स सहित विभिन्न 28 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।
आईआरसीटीसी की ओर से जारी 28 रिक्तियों में हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर्स के 22 और टूरिज्म मॉनिटर्स के 6 पद शामिल हैं। सभी पोस्ट पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति वॉक-इन इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद और अनुभव के अनुसार 30,000 से 35,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर्स पद के लिए हॉस्पिटैलिटी और होटल एडमिनिस्ट्रेशन में फुल-टाइम बीएससी या पर्यटन मंत्रालय के तहत इंडियन कलिनरी इंस्टीट्यूट से बीबीए/एमबीए (कलिनरी आर्ट्स) या बीएससी होटल मैनेजमेंट और कैटरिंग साइंस या एमबीए (टूरिज्म और होटल मैनेजमेंट) में होनी चाहिए। वहीं, टूरिज्म मॉनिटर्स के लिए टूरिज्म में 3 वर्ष की बैचलर डिग्री या किसी भी स्ट्रीम में 3 वर्ष की बैचलर डिग्री के साथ ट्रैवल और टूरिज्म में 1 वर्ष का डिप्लोमा या किसी भी स्ट्रीम में 3 वर्ष की बैचलर डिग्री के साथ ट्रैवल और टूरिज्म में 2 वर्ष की पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 28 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू पद के अनुसार 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर के बीच सुबह 10.30 से शाम 17.30 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर्स पद के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 5 अक्टूबर को 'भुवनेश्वर, ओडिशा, आईआरसीटीसी - क्षेत्रीय कार्यालय, गेट-1, टॉवर-1, ग्राउंड फ्लोर, एनबीसीसी इम्पेरिया, न्यू गवर्नमेंट कॉलोनी के पास, प्रेस स्क्वायर, भुवनेश्वर - 751 017' पते और 8 अक्टूबर को 'हैदराबाद, तेलंगाना, आईआरसीटीसी लिमिटेड, पहली मंजिल, ऑक्सफोर्ड प्लाजा, सरोजिनी देवी रोड, सिकंदराबाद-500 003' पते पर आयोजित किए जाएंगे।
टूरिज्म मॉनिटर्स पोस्ट के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 6 अक्टूबर को 'भुवनेश्वर, ओडिशा, आईआरसीटीसी - क्षेत्रीय कार्यालय, गेट-1, टॉवर-1, ग्राउंड फ्लोर, एनबीसीसी इम्पेरिया, नई सरकारी कॉलोनी के पास, प्रेस स्क्वायर, भुवनेश्वर - 751 017' पते और 9 अक्टूबर को 'हैदराबाद, तेलंगाना, आईआरसीटीसी लिमिटेड, पहली मंजिल, ऑक्सफोर्ड प्लाजा, सरोजिनी देवी रोड, सिकंदराबाद-500 003' पते पर आयोजित किए जाएंगे।
ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी ले जाने की सलाह दी जाती है। आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
