ईरानी सुप्रीम लीडर पर हमले का चीन ने किया विरोध
बीजिंग, 9 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता का ऐलान हो गया है। इस सबके बीच इजरायल और अमेरिका की ओर से की गई टिप्पणी भी चर्चा में है। जिसमें साफ कहा गया है कि उन्हें अयातुल्ला का उत्तराधिकारी बर्दाश्त नहीं होगा। इस बीच चीन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को निशाना बनाए जाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया है।
चीन ने ईरान में मोजतबा खामेनेई के चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह पूरी तरह ईरान का आंतरिक मामला है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईरान ने अपने संविधान के अनुसार यह फैसला लिया है।
इससे पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी कहा था कि ईरान की संप्रभुता का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी बाहरी देश को वहां की राजनीतिक व्यवस्था बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
चीन ने कहा कि वह ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को किसी भी तरह से टारगेट करने का विरोध करता है। इजरायली सेना ने उनके मारे गए पिता अली खामेनेई के वारिस के खिलाफ धमकियां दी हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "चीन किसी भी बहाने से दूसरे देशों के अंदरूनी मामलों में दखल का विरोध करता है, और ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।"
4 मार्च को जब मोजतबा का नाम सामने आया तो अमेरिका और इजरायल ने आपत्ति जताई थी। यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तो यहां तक कहा कि अगला लीडर चुनने में उनकी भूमिका होनी चाहिए और उन्होंने मोजतबा को खारिज करते हुए उन्हें लाइटवेट कैंडिडेट करार दिया था।
वहीं, ईरानी अधिकारियों ने इस बात को साफ तौर पर खारिज कर दिया है कि उत्तराधिकारी चुनने में ट्रंप की कोई भूमिका होगी।
इजरायल ने तो यहां तक कहा कि वो खामेनेई के हर वारिस का अंजाम उनके जैसा ही करेगा।
एक्स पर फारसी में एक पोस्ट की, जिसमें इजरायली सेना ने चेतावनी दी कि वह हर उस व्यक्ति को भी नहीं छोड़ेगी जो अयातुल्ला अली खामेनेई का वारिस नियुक्त करना चाहता है।
आईडीएफ की पोस्ट में लिखा गया, "तानाशाह खामेनेई को बेअसर करने के बाद, ईरान का आतंकवादी शासन खुद को फिर से बनाने और एक नया लीडर चुनने की कोशिश कर रहा है।"
सेना ने चेतावनी दी, "हम वारिस चुनने की मीटिंग में हिस्सा लेने वालों को चेतावनी देते हैं कि हम आपको भी निशाना बनाने में नहीं हिचकिचाएंगे।"
--आईएएनएस
केआर/
