ईरान से तनाव के बीच इजरायल में सुरक्षा अलर्ट, मिसाइल हमलों को रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम सक्रिय
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। ईरान से तनाव के चलते इजरायल में हालात को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों की पहचान के बाद डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गए हैं।
इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में बताया कि कुछ देर पहले, आईडीएफ ने ईरान से इजरायल के इलाके की तरफ छोड़ी गई मिसाइलों का पता लगाया। इस खतरे को रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम काम कर रहे हैं।
पिछले कुछ मिनटों में होम फ्रंट कमांड ने संबंधित इलाकों में सीधे मोबाइल फोन पर एहतियाती निर्देश भेजे हैं। लोगों से जिम्मेदारी से काम करने और निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।'' आईडीएफ ने कहा कि अलर्ट मिलने पर लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने और अगली सूचना मिलने तक वहीं रहने का निर्देश दिया गया है।
आईडीएफ ने लोगों को बताया कि साफ निर्देश मिलने के बाद ही सुरक्षित जगह से बाहर निकलने की इजाजत है। लोगों से होम फ्रंट कमांड की गाइडलाइंस के अनुसार काम करते रहने का अनुरोध किया जाता है।
जनरल स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर, एयर फोर्स के कमांडर मेजर जनरल ओमर टिशलर और आईडीएफ के वरिष्ठ अधिकारी पिछले कुछ घंटों से एयर फोर्स ऑपरेशन्स सेंटर से लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं और ईरान में आईडीएफ के हमलों की कमान संभाल रहे हैं।
आईडीएफ हाईअलर्ट पर है और इजरायल राज्य के लिए खतरा पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सभी सेक्टरों में ऑपरेशन जारी रखने के लिए तैयार है। आईडीएफ के अनुसार, बीती रात ईरान ने इजरायल की ओर चार बार मिसाइलों की बौछार की थी। इसके बाद इजरायल ने जवाबी कार्रवाई की।
आईडीएफ ने बताया कि कुछ देर पहले इजरायली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी शासन के सैन्य ठिकानों पर हमला किया। इजरायल ने दावा किया कि उसके लड़ाकू विमान ईरान के भीतर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे थे। इजरायल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम
