आईपीएल: ब्रॉडकास्ट इंजीनियर लैंगफोर्ड के निधन पर बीसीसीआई ने जताया शोक
मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अनुभवी ब्रॉडकास्ट इंजीनियर इयान विलियम लैंगफोर्ड के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। लैंगफोर्ड मुंबई में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की ब्रॉडकास्ट टीम का अहम हिस्सा थे, जो 30 मार्च की सुबह होटल के कमरे में बेहोश पाए गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
बीसीसीआई की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में बोर्ड ने कहा, "आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और इसमें शामिल सभी हितधारक, समर्पित ब्रॉडकास्ट इंजीनियर इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के असामयिक निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। वह हमारे ब्रॉडकास्ट कार्यों का एक अभिन्न अंग थे। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।"
पर्दे के पीछे काम करने वालों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, बीसीसीआई ने आगे कहा, "आईपीएल इस बेहद कठिन समय में लैंगफोर्ड के परिवार को सभी जरूरी सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आईपीएल के सुचारू संचालन में शामिल प्रत्येक सदस्य का स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।"
76 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक विलियम लैंगफोर्ड आईपीएल के ब्रॉडकास्ट कार्यों के लिए मुंबई में थे। वह 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे। लैंगफोर्ड 29 मार्च की देर रात आईपीएल मैच में अपना काम खत्म करने के बाद होटल रूम लौटे थे। मरीन ड्राइव पुलिस के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने 30 मार्च की सुबह उन्हें कमरे में बेहोश पाया। होटल प्रबंधन ने तुरंत उन्हें बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने लैंगफोर्ड को मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी के कोई संकेत नहीं मिले हैं। मरीन ड्राइव पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम जांच में भी कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। हालांकि, उन्होंने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत हो गई है। इस सीजन अब तक 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं। मंगलवार को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में मैच का आयोजन होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
