आईपीएल 2026: सीजन में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला, स्वदेश लौटा युवा ऑलराउंडर
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में कई खिलाड़ी अपने दमदार प्रदर्शन से काफी चर्चा बटोर रहे हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्हें सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र का नाम ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल है। रवींद्र आईपीएल 2026 को बीच छोड़कर स्वदेश लौट गए हैं।
रचिन रवींद्र आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का हिस्सा रहे। केकेआर ने रवींद्र को नीलामी में 2 करोड़ में खरीदा था। केकेआर सीजन के 11 मैच खेल चुकी है और प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर है। सीजन में टीम को 3 लीग मैच और खेलने हैं। पिछले 11 मैचों में रवींद्र को एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। इस वजह से न्यूजीलैंड की आगामी सीरीज पर अपना ध्यान लगाने के लिए रवींद्र स्वदेश लौट गए हैं।
केकेआर की तरफ से इस खबर की पुष्टि कर दी गई है।
फ्रेंचाइजी ने कहा, "रचिन रवींद्र न्यूजीलैंड के इंग्लैंड के आने वाले टेस्ट टूर की तैयारी के लिए घर लौट गए हैं।"
इंस्टाग्राम पर केकेआर ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें रचिन जाने से पहले अपने टीममेट्स से हाथ मिलाते और गले मिलते हुए दिख रहे हैं।
पोस्ट में कप्तान ने लिखा, ''नाइट्स की तरफ से शुभकामनाएं, क्योंकि रचिन नेशनल ड्यूटी की तैयारी के लिए घर जा रहे हैं।''
रचिन रवींद्र टॉप ऑर्डर या फिर टॉप-4 में बल्लेबाजी करते हैं। केकेआर ने टॉप-4 में रहाणे, साइफर्ड, एलन, ग्रीन और रघुवंशी को मौका दिया। इस वजह से रवींद्र को एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। इसके अलावा, प्लेइंग इलेवन में सिर्फ 4 विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं, तो टीम संयोजन की वजह से भी रवींद्र को खेलने का मौका नहीं मिला।
रवींद्र आईपीएल 2024 और आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे। दोनों सीजन मिलाकर खेले 18 मैचों में उन्होंने 2 अर्धशतक लगाते हुए 413 रन बनाए थे। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
रचिन अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी करेंगे।
--आईएएनएस
पीएके
