आईपीएल 2026: आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, साहिल परख करेंगे डेब्यू
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार को खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 39वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। काइल जैमीसन को मिचेल स्टार्क से दिल्ली कैपिटल्स की कैप मिली है। साहिल परख भी इस मुकाबले के साथ डीसी के लिए अपना डेब्यू करने को तैयार हैं।
टॉस जीतने के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक हाई-स्कोरिंग ग्राउंड है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। हम दूसरी पारी में उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। सबसे अहम बात यह है कि अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ी आगे आकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने काफी अच्छी क्रिकेट खेली है और हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं। जो हो गया, वह अतीत की बात है। हम अब अच्छा क्रिकेट खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।"
दूसरी तरफ, डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "अगर मैं टॉस जीतता, तो पहले फील्डिंग करता। मैदान का साइज छोटा है, पिच भी बेहतर होती जाती है, इसलिए हम भी चेज करते। आईपीएल में आप 264 रन बनाकर भी हार सकते हैं, लेकिन यह एक लंबा टूर्नामेंट है। हमने बैट और बॉल दोनों से अच्छा खेल दिखाया, अगर हमने अपने मौकों को भुनाया होता, तो नतीजा कुछ और होता।"
उन्होंने कहा, "आपको अपना काम करते रहना होगा, हमारे सबसे अच्छे फील्डर भी कैच छोड़ देते हैं, इसलिए किस्मत हमारे साथ नहीं है, लेकिन हम इसके बारे में सोचकर हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठ सकते। हमारे पास दो तेज गेंदबाज हैं—चमीरा और जेमिसन खेल रहे हैं। हमें पावरप्ले में विकेट लेने होंगे। हालांकि, मुकेश ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उन्हें आराम की जरूरत है और हम उनकी जगह इंटरनेशनल गेंदबाजों को ला रहे हैं।"
आरसीबी की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर शीर्ष पायदान पर एक बार फिर कब्जा करने की होगी, जबकि डीसी मुकाबला जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति बेहतर करना चाहेगी। आरसीबी ने आईपीएल 2026 में अब तक 7 में से 5 मुकाबले अपने नाम किए हैं। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर हैं, जबकि डीसी 7 में से 4 मुकाबले गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: साहिल परख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और टी. नटराजन।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार।
--आईएएनएस
आरएसजी
