Aapka Rajasthan

आईपीएल 2026: रवींद्र जडेजा के नाम जुड़ी खास उपलब्धि, यह मुकाम हासिल करने वाले बने दूसरे भारतीय

गुवाहाटी, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ हो रही है। आरआर के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने इस मुकाबले में खास मुकाम हासिल कर लिया है।
 
रवींद्र जडेजा ने इस मुकाबले में टी20 क्रिकेट में अपने 4 हजार रन पूरे किए। जडेजा इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में 4 हजार रन और 200 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। जडेजा से पहले यह कारनामा सिर्फ हार्दिक पांड्या ही कर सके हैं। जडेजा ओवरऑल यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 25वें खिलाड़ी हैं। जडेजा ने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर के स्पेल में सिर्फ 14 रन खर्च किए और रोमारियो शेफर्ड का बड़ा विकेट अपने नाम किया।

आरसीबी से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीता। 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव ने 300 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में वैभव ने 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। वैभव के आगे आरसीबी के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। वहीं, जुरेल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, शिमरोन हेटमायर बिना खाता खोले आउट हुए, तो कप्तान रियान पराग भी 3 रन ही बना सके।

इससे पहले, आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 201 रन बनाए। टॉप ऑर्डर के फ्लॉप होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और 40 गेंदों में 63 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। विराट कोहली अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 16 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 22 रनों का योगदान दिया।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी