आईपीएल 2026: मोटी रकम पर रिटेन किए गए 5 विदेशी, जिन्होंने फ्रेंचाइजी के फैसले को सही साबित किया
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की नीलामी में कुछ फ्रेंचाइजी ने विदेशी खिलाड़ियों को मोटी रकम पर रिटेन किया। इस सीजन का शुरुआती चरण देखा जाए, तो इन फ्रेंचाइजी का यह दांव कारगर साबित हुआ। आइए, ऐसे ही रिटेन किए गए 5 विदेशी खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जो इस सीजन अपनी चमक बिखेर रहे हैं।
हेनरिक क्लासेन: सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में अपनी चमक बिखेरी। उन्होंने शुरुआती 5 मुकाबलों में 44.80 की औसत के साथ 224 रन बनाए, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध लगातार दो मुकाबलों में अर्धशतक भी शामिल हैं।
जोफ्रा आर्चर: इंग्लैंड के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को राजस्थान रॉयल्स ने 12.50 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। इस सीजन जोफ्रा 5 मुकाबलों में 17 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं, जिसमें कुल 102 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2-2 विकेट निकाले।
फिलिप साल्ट: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11.50 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। साल्ट इस सीजन आरसीबी के बेहतरीन ओपनर साबित हुए हैं, जिन्होंने शुरुआती 2 मुकाबलों में 33.67 की औसत के साथ 202 रन बना लिए हैं। इस बीच साल्ट ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 46 रन, मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 78 रन, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 63 रन की पारियां खेली हैं।
जोस बटलर: इंग्लैंड के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को गुजरात टाइटंस ने 15.75 करोड़ रुपए में रिटेन किया, जिसके बाद बटलर ने न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी, बल्कि विकेटकीपिंग से भी वाहवाही बटोरी। इस सीजन 5 मुकाबलों में बतौर विकेटकीपर 8 कैच लेने के अलावा, बटलर बल्ले से 40.20 की औसत के साथ 201 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध लगातार मुकाबलों में अर्धशतक लगाए।
कगिसो रबाडा: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में साउथ अफ्रीका के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को 10.75 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। रबाडा इस सीजन 5 मुकाबलों में कुल 19 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं, जिसमें 114 रन देकर 7 विकेट निकाले। इस दौरान उन्होंने केकेआर के खिलाफ 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
--आईएएनएस
आरएसजी
