आईपीएल 2026: मिडिल ऑर्डर लखनऊ के लिए बन सकता है चुनौती, क्या पहले खिताब का सपना होगा साकार?
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आईपीएल 2026 में अपने पहले खिताब की तलाश में होगी। टीम का टॉप ऑर्डर और तेज गेंदबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है, लेकिन मिडिल ऑर्डर लखनऊ के लिए बड़ी समस्या बन सकता है।
आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। पंत की अगुवाई में टीम 14 में से सिर्फ 6 ही मैच जीत सकी थी और प्लेऑफ का टिकट कटाने में नाकाम रही थी। इस बार फैंस को टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। एडेन मार्करम, निकोलसन पूरन और मिचेल मार्श के होने से लखनऊ का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत नजर आ रहा है। मार्श और मार्करम ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था।
टीम के मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी साफतौर पर नजर आती है। कप्तान ऋषभ पंत के ऊपर इस सीजन टीम की नैया को पार लगाने की जिम्मेदारी होगी। पंत का साथ आयुष बदोनी, अब्दुल समद और शाहबाज अहमद जैसे बल्लेबाजों को देना होगा। वहीं, साउथ अफ्रीका के उभरते हुए बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके से भी लखनऊ टीम को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
लखनऊ का तेज गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत दिख रहा है। आवेश खान, मोहम्मद शमी, मयंक यादव और एनरिक नॉर्टजे किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने का दम रखते हैं। वहीं, मोहसन खान और प्रिंस यादव के प्रदर्शन पर भी हर किसी की निगाहें रहेंगी। स्पिन बॉलिंग की जिम्मेदारी दिग्वेश राठी के कंधों पर होगी। दिग्वेश ने पिछले सीजन अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था। लखनऊ के लिए चिंता का विषय वानिंदु हसरंगा की फिटनेस होगी। हसरंगा अगर पूरी तरह से फिट हो जाते हैं, तो टीम को इससे संतुलन मिलेगा। लखनऊ के लिए सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि उनका बल्लेबाजी क्रम विदेशी बल्लेबाजों पर जरूरत से ज्यादा निर्भर नजर आ रहा है। पिछले सीजन भी यही कमजोरी टीम को काफी भारी पड़ी थी।
लखनऊ सुपर जायंट्स का पूरा स्क्वॉड
ऋषभ पंत, मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, मोहम्मद शमी, शाहबाज अहमद, आवेश खान, एनरिक नोर्टजे, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, जोश इंग्लिस, वानिंदु हसरंगा, दिग्वेश राठी, मयंक यादव, अर्जुन तेंदुलकर, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, अर्शिन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, नमन तिवारी, मोहसिन खान।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी
