Aapka Rajasthan

आईपीएल 2026: लैंगर-मूडी ने मैदानकर्मियों को भेंट की एलएसजी की जर्सी

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। आगामी सीजन की शुरुआत से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के हेड कोच जस्टिन लैंगर और क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने मंगलवार को अपने घरेलू मैदान भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैदानकर्मियों को जर्सी भेंट की।
 
एलएसजी की टीम आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर करेगी। इसके बाद टीम अपना अगला मुकाबला 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। आईपीएल 2026 के पहले चरण के शेड्यूल के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स को 4 मैच खेलने हैं। ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी 9 अप्रैल को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। वहीं, 12 अप्रैल को टीम का सामना घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस से होगा।

लखनऊ टीम की तैयारियां जोरों पर हैं। कई खिलाड़ी टीम के कैंप से जुड़ चुके हैं और जमकर ट्रेनिंग कर रहे हैं। ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी के भी जल्द कैंप से जुड़ने की उम्मीद है। लैंगर और मूडी के मैदानकर्मियों को भेंट की गई नई जर्सी की तस्वीरें शेयर करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "हमारे मैदानकर्मियों के लिए, सीधे हमारे दिल से।"

सोमवार से शुरू हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के ट्रेनिंग सेशन के दौरान बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी अब्दुल समद और हिम्मत सिंह के साथ-साथ ऑलराउंडर आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद और अर्शिन कुलकर्णी ने नेट्स में प्रभावित किया। अर्जुन तेंदुलकर, मयंक यादव, आवेश खान के पेस अटैक ने अपनी रफ्तार और शानदार लाइन एंड लेंथ के लिए कोचिंग स्टाफ से तारीफ बटोरी। सभी खिलाड़ियों को जस्टिन लैंगर और टॉम मूडी सेशन के दौरान अहम सलाह देते हुए भी नजर आए। सहायक कोच कोच लांस क्लूजनर और भरत अरुण ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कड़ी नजर बनाए रखी।

2022 में डेब्यू करने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम दो बार प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। हालांकि, पिछले दो सीजन टीम के लिए निराशाजनक रहे हैं। ऋषभ पंत की कप्तानी में आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सातवें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था। टीम 14 में से सिर्फ 6 मुकाबलों में ही जीत दर्ज कर सकी थी।

--आईएएनएस

एसएम/एएस