Aapka Rajasthan

आईपीएल 2026 के पांच सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो गया है। आइए, आपको उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो आगामी सीजन में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं।
 
आईपीएल 2026 के पांच सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो गया है। आइए, आपको उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो आगामी सीजन में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं।

एमएस धोनी: चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट की वजह से शुरुआती दो हफ्तों के लिए आईपीएल 2026 से बाहर हैं। फैंस को उम्मीद है कि माही जल्द मैदान पर नजर आएंगे। फिलहाल धोनी 44 साल 272 दिन के हैं। पिछले दो सीजन से धोनी बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे बैटिंग करने आ रहे हैं। आईपीएल 2025 में धोनी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वह 14 मुकाबलों में 135 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 196 रन ही बना सके थे।

रोहित शर्मा: मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2026 में खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। फिलहाल रोहित 38 साल 340 दिन के हैं। रोहित के लिए पिछला सीजन बल्ले से शानदार रहा था। उन्होंने 15 मुकाबलों में 149 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 418 रन बनाए थे।

विराट कोहली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पिछले सीजन पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले विराट कोहली आईपीएल 2026 में खेलने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। कोहली फिलहाल 37 साल 151 दिन के हैं। आईपीएल 2025 में खेले 15 मुकाबलों में विराट ने 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 657 रन बनाए थे।

ईशांत शर्मा: आईपीएल 2026 में ईशांत शर्मा गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। वह फिलहाल 37 साल 215 दिन के हैं। हालांकि, आईपीएल 2025 में ईशांत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। वह 7 मुकाबलों में सिर्फ 4 विकेट निकाल सके थे और उनकी गेंदबाजी इकोनॉमी भी 11.18 की रही थी।

अजिंक्य रहाणे: आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करने वाले अजिंक्य रहाणे इस सीजन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले पांचवें सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। फिलहाल रहाणे 37 साल 303 दिन के हैं। पिछले सीजन खेले 13 मुकाबले में रहाणे ने 147 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 390 रन बनाए थे। हालांकि, रहाणे की कप्तानी में केकेआर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 5 मैच ही जीत सकी थी।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी