आईपीएल 2026: 'हाई स्कोरिंग' मैच में पंजाब किंग्स की जीत, दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 35वें मुकाबले में 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ पीबीकेएस ने प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर मजबूती बना ली है। पंजाब किंग्स 7 में से 6 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को 7 मुकाबलों में चौथी हार मिली है।
अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए। इस टीम ने 28 के स्कोर पर पथुम निसांका (11) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद केएल राहुल ने नितीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 95 गेंदों में 220 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।
नितीश 44 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 91 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केएल राहुल ने तूफानी पारी खेलकर आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स को उसके सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचाया। केएल राहुल 67 गेंदों में 152 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 9 छक्के और 16 चौके शामिल रहे। इसी के साथ केएल राहुल आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बने। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह ने 49 रन देकर 1 विकेट निकाला, जबकि जैवियर बार्टलेट ने 69 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। प्रभसिमरन सिंह ने प्रियांश आर्य के साथ 6.5 ओवरों में 126 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था।
प्रियांश 17 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रभसिमरन ने 26 गेंदों में 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 76 रन की पारी खेली। इस दौरान छठे ओवर की सभी 6 गेंदों पर चौके लगाए।
इस टीम ने 145 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे, लेकिन यहां से नेहल वढेरा ने श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों में 56 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
नेहल 15 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान अय्यर 36 गेंदों में 7 छक्कों और 3 चौकों के साथ 71 रन बनाकर नाबाद रहे। डीसी की तरफ से कुलदीप यादव ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अक्षर पटेल और विपराज निगम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी के दौरान फील्डिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी पीठ के बल जमीन पर गिरे। इस दौरान उनके सिर पर काफी चोट आई, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। उनके स्थान पर विपराज निगम ने कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शेष मुकाबला खेला।
--आईएएनएस
आरएसजी
