आईपीएल 2026: जीटी ने टॉस जीत चुनी गेंदबाजी, सीएसके का लक्ष्य विजय क्रम बरकरार रखने पर
चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 37वां मुकाबला चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जा रहा है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट अच्छा लग रहा है। हम बहुत सी चीजें सही कर रहे हैं, लेकिन परिणाम छोटे-छोटे मौकों को जीतने के बारे में है। टीम में अरशद की वापसी हुई है।"
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "यह थोड़ा सूखा है। हमें स्कोर बनाने और उसे बचाने में कोई दिक्कत नहीं है। हमारा आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। हम धीरे-धीरे बेहतर होते जा रहे हैं। एक-दो क्षेत्र हैं, जहां हमें बेहतर करने की जरूरत है। मुझे शुरुआत मिल रहा है जिसे बड़े स्कोर में बदलना होगा। टीम में एक बदलाव हुआ है। उर्विल की वापसी हुई है।"
सीएसके 7 मैचों में 3 मैच जीतकर 6 अंकों के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। अपने घरेलू मैदान में सीएसके जीटी के खिलाफ जीत हासिल कर अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगी। वहीं, 7 मैचों में 3 जीत हासिल कर अंकतालिका में सातवें स्थान पर मौजूद जीटी का लक्ष्य जीत की लय में लौटना होगा। जीटी को अपने पिछले 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
सीएसके और जीटी के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं।
सीएसके प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह।
जीटी प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार।
--आईएएनएस
पीएके
