आईपीएल 2026: डीसी-एमआई का मैच देखने पहुंचे फैंस, रोहित शर्मा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का आठवां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच को देखने पहुंचे फैंस को मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा से काफी आस है।
मुकाबला देखने स्टेडियम आए स्वराज ने आईएएनएस से कहा, "मैं यहां मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने आया हूं। मुझे रोहित शर्मा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। यकीनन मुंबई इंडियंस ही इस मैच को जीतेगी।"
रमेश ने कहा, "मैं पिछले 5 वर्षों से आईपीएल मैच देखने आ रहा हूं। मैं राजस्थान से इस मैच को देखने आया हूं। जहां-जहां मुंबई इंडियंस के मुकाबले होते हैं, वहां मैं साइकिल से जाता हूं। मुझे बतौर खिलाड़ी रोहित शर्मा काफी पंसद हैं।"
प्रिया ने कहा, "मैं मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने आई हूं। मुझे एमआई की जीत की उम्मीद है। मुझे रोहित शर्मा से भी खास उम्मीदें हैं। मैं यहां अपने पति के साथ मैच देखने आई हूं। वो भी मेरी तरह मुंबई इंडियंस के फैन हैं।"
एक अन्य फैन ने कहा, "मैं दिल्ली कैपिटल्स को सपोर्ट कर रहा हूं। मैं भले ही दिल्ली कैपिटल्स को सपोर्ट कर रहा हूं, लेकिन रोहित शर्मा का बड़ा फैन हूं।"
अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन और मुकेश कुमार के साथ मैदान पर उतरी है।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के बगैर इस मैच में उतरी है। पंड्या बीमार हैं। उनके स्थान पर सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपी गई है। प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह भी मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अपने अभियान की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच के साथ की, जिसमें 6 विकेट से जीत हासिल की। फिलहाल यह टीम प्वाइंटस टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है।
--आईएएनएस
आरएसजी
