Aapka Rajasthan

आईपीएल 2026: चेन्नई सुपर किंग्स ने जेम्स फोस्टर को फील्डिंग कोच नियुक्त किया

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने जेम्स फोस्टर को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी कोच माइकल हसी और गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस के साथ काम करेंगे।
 
आईपीएल 2026: चेन्नई सुपर किंग्स ने जेम्स फोस्टर को फील्डिंग कोच नियुक्त किया

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने जेम्स फोस्टर को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी कोच माइकल हसी और गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस के साथ काम करेंगे।

इससे पहले फोस्टर ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए फील्डिंग और असिस्टेंट कोच के तौर पर कई सीजन काम किया है। इस बीच फोस्टर चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर के साथ भी करीब से काम करेंगे। इन विकेटकीपर में भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और हाल में संपन्न हुए टी20 विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे संजू सैमसन शामिल हैं।

पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "हमारे फील्डिंग कोच, जेम्स फोस्टर का 'येलोव' के साथ स्वागत करें। इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर और दुनिया भर की टीमों के साथ कोचिंग का अनुभव रखने वाले जेम्स, अब 'गर्व' के साथ अपने इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं।"

15 अप्रैल 1980 को एसेक्स में जन्मे फोस्टर ने बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज अक्टूबर 2001 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। उन्होंने इंग्लैंड की ओर से 7 टेस्ट मुकाबले खेले, जिनकी 12 पारियों में 25.11 की औसत के साथ 226 रन बनाए। इस दौरान 17 खिलाड़ियों को कैच आउट किया। एक खिलाड़ी को स्टंप आउट भी किया।

इंग्लैंड की तरफ से 11 वनडे मैच खेलते हुए फोस्टर ने 41 रन बनाने के साथ 13 खिलाड़ियों को कैच, जबकि 7 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया। वहीं, 5 टी20 मुकाबलों में 37 रन बनाने के साथ 6 बल्लेबाजों का शिकार किया। उन्होंने साल 2018 में बतौर खिलाड़ी करियर को अलविदा कहने के बाद से फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बड़े पैमाने पर कोचिंग दी है।

फोस्टर ने जनवरी में डेजर्ट वाइपर्स के हेड कोच के तौर पर आईएलटी20 का खिताब जीता था। हाल ही में उन्हें 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में बर्मिंघम फीनिक्स का सहायक कोच नियुक्त किया गया है। फोस्टर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड, दोनों टीमों के कोचिंग स्टाफ के साथ भी काम कर चुके हैं।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 3 अप्रैल को खेलेगी। सीएसके की टीम 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खेलेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी