आईओएल भर्ती 2026: जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित 160 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता और सैलरी
नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत भारत सरकार का एक उपक्रम, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) ने फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट (एफटीसी) के आधार पर जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित विभिन्न 160 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
आईओएल की ओर से जारी 160 रिक्तियों में प्रोजेक्ट टेक्नीशियन (फिटर इंस्ट्रूमेंट्स) के 39, प्रोजेक्ट टेक्नीशियन (फिटर इलेक्ट्रॉनिक्स) के 43, प्रोजेक्ट टेक्नीशियन (मशीनिस्ट) के 3, प्रोजेक्ट टेक्नीशियन (ऑप्टिकल वर्कर) के 12, प्रोजेक्ट टेक्नीशियन (इलेक्ट्रोप्लेटर) का 1, वेलफेयर ऑफिसर के 3, जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (केमिकल) का 1, जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 2, जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 23, जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (मैकेनिकल) के 24, जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर (ऑप्टिक्स और कोटिंग) के 7 और कंसल्टेंट (कोऑर्डिनेशन) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू हो गई है और आईओएल मुख्यालय में आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 'रोजगार समाचार' में संबंधित पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से 21वां दिन यानी 3 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार प्रोजेक्ट टेक्नीशियन पदों के लिए मैट्रिकुलेशन के साथ नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग द्वारा जारी संबंधित नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (एनटीसी)/नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (एनएसी); वेलफेयर ऑफिसर के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ सोशल वर्क, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट या लेबर वेलफेयर में पोस्टग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा के साथ फुल-टाइम बैचलर डिग्री; जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ फुल-टाइम रेगुलर बीएससी डिग्री/डिप्लोमा; और कंसल्टेंट (कोऑर्डिनेशन) के लिए आर्म्ड कॉर्प्स/मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री/कॉर्प्स ऑफ आर्टिलरी/आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स/कॉर्प्स ऑफ ईएमई से मेजर या लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर रहे भारतीय सेना के रिटायर्ड अधिकारी आवेदन करने के पात्र हैं। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 18 से 27 वर्ष और अधिकतम आयु 32 से 62 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, अंतिम मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल फिटनेस, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 20,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईओएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां से संबंधित पदों के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड, ओफिल्ड कैंप्स रायपुर, देहरादून (उत्तराखंड) - 248008' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।
--आईएएनएस
डीके/एएस
