इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान आग लगने से अब तक 8 की मौत, मुख्यमंत्री ने शोक जताया
इंदौर 18 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में कर की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई, जिसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत के साथ कई लोग झुलस गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बंगाली चौराहा क्षेत्र में स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग के दौरान आग लग गई और देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में आग की लपटें नजर आने लगीं। इस आग की चपेट में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आ गए और एक-एक कर कई गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इसके चलते मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया है।
बताया गया है कि आग लगने और गैस सिलेंडरों के धमाके के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। परिणाम स्वरूप कमरों के डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए, जिससे कमरों में सो रहे लोग बाहर नहीं निकाल पाए और उनकी मौत हो गई। वहीं कुछ लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीसीएच
