इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का वांछित आरोपी गिरफ्तार
इंदौर, 29 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा बताया जा रहा है। उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा देवास का रहने वाला है और इसका आपराधिक नेटवर्क कई शहरों तक फैला हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, राहुल राठौर पर आरोप है कि वह गैंग के लिए रेकी करने का काम करता था और अपराध की योजना बनाने में भी शामिल रहता था। खरगोन जिले में हुई फायरिंग की घटना में भी इसकी भूमिका सामने आई है। पुलिस का कहना है कि यह कई आपराधिक मामलों में वांछित था और लगातार इसकी तलाश की जा रही थी।
इंदौर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर आर. के. सिंह ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले से पकड़े गए कुछ आरोपियों से पूछताछ में इस व्यक्ति के बारे में अहम जानकारी मिली थी।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले पकड़े गए कुछ लोगों, जिनमें राजपाल और अन्य आरोपी शामिल हैं, उनसे पूछताछ के दौरान राहुल राठौर का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क को खंगालना शुरू किया और धीरे-धीरे उसके ठिकानों का पता लगाया गया। काफी दिनों की निगरानी और सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी गैंग के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और अपराध की प्लानिंग में मदद करता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/डीएससी
